
Lok Sabha Elections 2019 : कांग्रेस के बहुमत की संभावना नहीं है : सीएम कमल नाथ

छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने त्रिशंकु लोकसभा का अनुमान व्यक्त करते हुए कहा है कि लोकसभा में चुनाव में कांग्रेस 'बहुत बहुत अच्छा" करेगी लेकिन बहुमत मिलने की संभावना नहीं है। इसलिए दिल्ली में नई सरकार बनाने के लिए चुनाव बाद गठबंधन करना होगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि मौजूदा सत्तारूढ़ पार्टी- भाजपा को सरकार बनाने लायक सीटें नहीं मिलेंगी और कोई भी बड़ी पार्टी उसके साथ गठबंधन नहीं करेगी।
कमलनाथ ने अपने आवास पर एक समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा- 'वाकई, हम बहुत बहुत अच्छा करने जा रहे हैं लेकिन मैं बहुमत तक पहुंचता नहीं देखता हूं और चुनाव बाद गठबंधन करना होगा। इस गठबंधन में विभिन्न् प्रकार के संयोजन होंगे।" वह इन सवालों के जवाब दे रहे थे कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस कितनी सीटें जीतेगी और क्या केंद्र में सरकार बनाने के लिए देश की सबसे पुरानी पार्टी गठबंधन करेगी?
उन्होंने कहा- 'यदि गठबंधन होता है तो वही फैसला लेगा। आज दो तरह के दल दिख रहे हैं- एक भाजपा विरोधी और दूसरा भाजपा समर्थक। भाजपा समर्थकों की संख्या बहुत कम है और भाजपा के विरोध में आप इतनी सारी पार्टियां देख रहे हैं।" उन्होंने आगे कहा- 'संख्या चाहे जो भी हो। भाजपा यह सोच रही है कि वह सरकार बनाने में सक्षम होगी लेकिन यह बहुत दूर है, क्योंकि न तो उनके पास संख्या होगी और न ही अन्य पार्टियां उनके साथ जाएंगी।"
आयकर छापे राजनीति से प्रेरित हाल के दिनों में अपने सहयोगियों से जुड़े ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारियों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए उन्होंने कहा- 'छापे के बारे में पीएम ने पहले क्या कहा था... पैसे कहां मिले? मैं उस व्यक्ति (अश्विनी शर्मा) को नहीं जानता, वह कभी मुझसे नहीं मिला। उसने खुद ही मीडिया से कहा कि वह भाजपा से है। तो फिर इसमें मैं कहां से शामिल हो गया? मैं तो नहीं जानता।
"उन्होंने कहा- 'क्या कक्कड़ के यहां से कुछ मिला... उनके घर से कुछ भी नहीं मिला। आयकर वालों ने भी कोई दावा नहीं किया। उन्हें जहां जो कुछ मिला है, उसे रिकॉर्ड किया है।" उन्होंने 281 करोड़ रुपए के बेहिसाबी संगठित रैकेट का भंडाफोड़ करने के प्रचारित दावे को भी 'फर्जी" करार दिया।
मप्र के प्रति प्रतिबद्ध अपने राजनीतिक जीवन का अधिकांश समय दिल्ली में बिताने वाले कमलनाथ ने कहा कि वह मध्य प्रदेश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को लेकर प्रतिबद्ध हैं और 'ऐतिहासिक विकास" सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा- 'मैं पांच साल तक मध्य प्रदेश में रहने को प्रतिबद्ध हूं और केंद्र की तरफ बिलकुल भी नहीं देख रहा हूं।"




