
Live CAA Protest: कर्नाटक में CAA के खिलाफ विरोध प्रदर्शन, CM येदियुरप्पा ने की अपील - 'CAA देश के लोगों के लिए खतरा नहीं'

नागरिकता संशोधन एक्ट (CAA) के विरोध में देशभर में प्रदर्शन किए जा रहे हैं। विपक्ष इस मुद्दे पर मोदी सरकार को लगातार घेर रहा है। इस बीच आज कर्नाटक में इस एक्ट के विरोध में विपक्ष द्वारा बंद का आव्हान किया गया है। पंजाब के चंडीगढ़ में भी मुस्लिम संस्थाओं ने इसके खिलाफ प्रदर्शन किया है। बेंगलुरु में प्रदर्शन के दौरान कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं कर्नाटक सीएम बीएस येदियुरप्पा ने लोगों से शांति की अपील की है। बिहार में भी इसके खिलाफ प्रदर्शन करते हुए सीपीएम कार्यकर्ताओं ने रेलवे ट्रैक को ब्लॉक कर दिया। CAA और NRC के खिलाफ AISF के सदस्यों द्वारा यहां ट्रेन रोकी गई है। पूर्वोत्तर राज्य में भी इस कानून को लेकर विरोध किया जा रहा है।
कर्नाटक में विपक्षी दलों और मुस्लिम संगठनों ने बंद का आव्हान किया है। इसे लेकर सीएम बीएस येदियुरप्पा ने प्रदेश की जनता से अपील करते हुए कहा है कि 'मैं सभी राजनीतिक दलों, नेताओं और लोगों से अपील करना चाहता हूं कि शांति बनाए रखें। CAA भारत के किसी भी व्यक्ति के लिए खतरा नहीं है। यह सिर्फ उन लोगों पर लागू होगा जो दूसरे देशों से भारत आकर नागरिकता चाहते हैं।'
कर्नाटक में पुलिस ने इतिहासविद रामचंद्र गुहा को विरोध प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। गुहा नागरिकता संशोधन एक्ट के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन में मौजूद थे। वह इस एक्ट का विरोध कर रहे हैं।
पंजाब के चंडीगढ़ में मुस्लिम संस्थाओं द्वारा नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी के विरोध में प्रदर्शन किया गया। यहां बड़ी संख्या में मुस्लिम विरोध प्रदर्शन के लिए जुटे।
कर्नाटक में भी वाम दल और मुस्लिम संगठनों द्वारा एक्ट के विरोध में बंद बुलाया गया है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए बेंगलुरु में आज सुबह 6 बजे से अगले तीन दिनों के लिए धारा 144 लागू कर दी गई है।
बिहार की राजधानी पटना में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) के सदस्यों द्वारा राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन पर CAA और NRC के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने ट्रेन को भी रोक लिया।
नागरिकता कानून और एनआरसी के विरोध में बिहार में राजनीतिक दलों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। सीपीएम कार्यकर्ताओँ द्वारा दरभंगा में लहरियासराय रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन करते हुए रेलवे ट्रैक को ब्लॉक करने की घटना सामने आई है।




