
India Post Payments Bank Rules Change: भारतीय पोस्ट ने बदले यह नियम, जानिए आप पर कितना पड़ेगा असर

India Post Rules Change: इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (India Post Payments Bank) ने मार्च 2022 से डिजिटल सेविंग्स बैंक अकाउंट क्लोजर चार्जेस लागू करने का फैसला लिया है। जिसका सीधा असर आप पर पड़ने वाला है। यह नियम 5 मार्च 2022 से होगा लागू।
बैंक खाता बंद कराने पर शुल्क भरना होगा
आईपीपीबी (India Post Payments Bank) के अनुसार इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने डिजिटल बचत बैंक खाता बंद करने का शुल्क पेश किया है। यह चार्ज 150 रुपए + जीएसटी होगा। यह चार्ज केवल तभी लागू होंगे जब डिजिटल बचत बैंक खाता केवाईसी अपडेट न करने के कारण 1 वर्ष की अवधि के अंत में बंद कर दिया जाता है।
रखें इन बातों का ध्यान
अकाउंट खोलते समय खाताधारक को 12 महीने के अंदर केवाईसी प्रोसेस करनी होती है। केवाईसी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद डिजिटल बचत खाते को नियमित बचत खाते में अपग्रेड कर दिया जाता है। इसमें आप अधिकतम 2 लाख रुपए जमा करवा सकते हैं। खाता खोलने के 12 महीने के अंदर केवाईसी पूरा नहीं होने पर खाता बंद कर दिया जाता है। 12 महीने के अंदर केवाईसी पूरा करने के बाद डिजिटल बचत खाते को डाकघर बचत खाते में भी जोड़ा जा सकता है।
बैंक में अकाउंट खोलने के लिए
डिजिटल सेविंग्स बैंक अकाउंट (digital savings bank account) में खाता 18 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी व्यक्ति खोल सकता है। जिसके पास आधार कार्ड और पैन कार्ड हो। मंथली एवरेज बैलेंस बनाए रखने की इसमें कोई आवश्यकता नहीं होती है, और खाता जीरो बैलेंस के साथ खोला जा सकता है। 1 फरवरी 2022 से खाते पर ब्याज दर 2.25 फ़ीसदी है।
5 मार्च को लागू होगा नया नियम
आईपीपीबी ने डिजिटल सेविंग अकाउंट क्लोजर चार्जेज की शुरुआत की है। यह चार्ज 150 रुपए प्लस जीएसटी होगा। यह नियम 5 मार्च 2022 से लागू होगा। यह चार्ज तभी देना होगा जब केवाईसी अपडेशन नहीं होने के कारण डिजिटल बचत खाता 1 साल बाद बंद हो जाए। वहीं, खाता बंद करने के लिए कोई चार्ज नहीं है। इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक भारतीय डाक का एक डिवीजन है, जिसका स्वामित्व डाक विभाग के पास है। इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने एक फरवरी 2022 से बचत खाते पर ब्याज दरें घटा दी हैं।
ब्याज दरों में की कटौती
इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने अपने बचत खातों पर ब्याज दरों में भी कटौती कर दी है। यह कटौती 0.25 फ़ीसदी की है और एक फरवरी 2022 से प्रभावी हो चुकी है। 1 फरवरी 2022 में इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के बचत खाते में 1लाख रुपए तक के बैलेंस के लिए 2.25 फीसदी सालाना की ब्याज दर है। पहले यह दर 2.50 फ़ीसदी सालाना थी। 1 लाख रुपए से अधिक और 2 लाख रुपए तक के बैलेंस के लिए ब्याज दर घटाकर 2.50 फ़ीसदी सालाना कर दी गई है। पहले यह दर 2.75 फ़ीसदी सालाना थी।




