राष्ट्रीय

India vs South Africa 1st Test: भारत की दक्षिण अफ्रीका पर 203 रनों से धमाकेदार जीत

Aaryan Dwivedi
16 Feb 2021 11:39 AM IST
India vs South Africa 1st Test: भारत की दक्षिण अफ्रीका पर 203 रनों से धमाकेदार जीत
x
Get Latest Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, Today News in Hindi, Breaking News, Hindi News - Rewa Riyasat

विशाखापत्तनम। मोहम्मद शमी और रवींद्र जडेजा की उम्दा गेंदबाजी से भारत ने रविवार को पहले टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका को 203 रनों से हरा दिया। 395 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए द. अफ्रीका की दूसरी पारी 63.5 ओवरों में 191 रनों पर सिमटी। दोनों पारियों में शतक लगाने वाले रोहित शर्मा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। भारत ने इसी के साथ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। दूसरा टेस्ट मैच पुणे में 10 अक्टूबर से खेला जाएगा। रविचंद्रन अश्विन इस मैच के दौरान टेस्ट क्रिकेट में संयुक्त रूप से सबसे तेजी से 350 विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। इस टेस्ट मैच के नाम सबसे ज्यादा छक्कों (36) का रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया।

मेहमान टीम ने मैच के अंतिम दिन दूसरी पारी में 1 विकेट पर 11 रन से आगे खेलना शुरू किया था। अभी स्कोर 19 तक ही पहुंचा था कि रविचंद्रन अश्विन ने मेहमान टीम को दूसरा झटका दिया जब थियूनिस डी ब्रूइन उनकी गेंद को स्टंप्स पर खेल बैठे। उन्होंने 10 रन बनाए। अश्विन ने अपने 66वें टेस्ट में 350 विकेट पूरे किए और उन्होंने सबसे तेजी से 350 विकेट लेने के मुथैया मुरलीधरन के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अभी द. अफ्रीका इस सदमे से उबरा भी नहीं था कि शमी की नीचे रहती हुई गेंद पर तेंबा बावुमा बोल्ड हो गए, वे खाता भी नहीं खोल पाए। द. अफ्रीका 20 रनों पर तीन विकेट खोकर गहरे संकट में आ गया।

शमी ने इसके बाद द. अफ्रीका को करारा झटका दिया जब उन्होंने कप्तान फॉफ डु प्लेसिस को पैवेलियन लौटाया। प्लेसिस उनकी इन स्विंगर को छोड़ने के प्रयास में बोल्ड हुए। उन्होंने 13 रन बनाए। इसके बाद शमी ने मैच अपनी टीम की गिरफ्त में पहुंचा दिया जब उन्होंने पहली पारी के शतकवीर क्विंटन डी कॉक को बोल्ड किया। डी कॉक इस पारी में खाता भी नहीं खोल पाए। अब मेहमान टीम को झटके देने की बारी रवींद्र जडेजा की थी जिन्होंने पारी के 27वें ओवर में द. अफ्रीका को तीन झटके दिए। उन्होंने पहली गेंद पर एडन मार्करैम (39) का रिटर्न कैच लपका। उन्होंने इसके बाद चौथी गेंद पर वर्नोन फिलेंडर को एलबीडब्ल्यू किया। अंपायर ने बल्लेबाज को आउट नहीं दिया था लेकिन भारत ने रिव्यू लिया और फैसला मेजबान टीम के पक्ष में आया। जडेजा ने अगली गेंद पर केशव महाराज (0) को एलबीडब्ल्यू किया। अंपायर द्वारा आउट दिए जाने पर महाराज ने रिव्यू लिया लेकिन फैसला उनके खिलाफ ही रहा। 70 रनों पर 8 विकेट की शर्मनाक स्थिति के बाद डेन पिट और सेनुरान मुथुस्वामी हार को टालने का प्रयास कर रहे हैं। डेन पिट ने रोहित शर्मा की गेंद पर 2 रन लेकर अर्द्धशतक पूरा किया। यह उनका टेस्ट क्रिकेट में पहला अर्द्धशतक है। इससे पहले उनका टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक स्कोर 19 रन था। उन्होंने 86 गेंदों में 8 चौकों और 2 छक्कों की मदद से फिफ्टी पूरी की। मुथुस्वामी और डेन पिट ने नौवें विकेट के लिए 91 रनों की साझेदारी कर स्कोर को सम्मानजनक बनाया। शमी ने डेन पिट (56) को बोल्ड किया। शमी ने इसके बाद रबाडा (19) को विकेटकीपर साहा के हाथों झिलवाकर अफ्रीकी पारी का अंत किया। मुथुस्वामी 108 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 49 रन बनाकर नाबाद रहे। शमी ने 35 रनों पर 5 विकेट लिए। जडेजा ने 87 रनों पर 4 विकेट लिए।

इससे पहले टारगेट का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी जब पहली पारी के शतकवीर डीन एल्गर मात्र 2 रन बनाकर आउट हो गए थे। जडेजा की गेंद को खेलने से एल्गर चूके थे और भारत ने रिव्यू लिया जिसका लाभ उन्हें कीमती विकेट के रूप में मिला था। एल्गर ने पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी कर 160 रन बनाए थे।

भारत ने पहली पारी 7 विकेट पर 502 रन बनाकर घोषित की थी। मयंक अग्रवाल ने 215 और रोहित शर्मा ने 176 रन बनाए थे। इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 431 रन बनाए थे। डीन एल्गर ने 160 और क्विंटन डी कॉक ने 111 रनों का योगदान दिया था। रविचंद्रन अश्विन ने 7 विकेट झटके थे। इसके बाद भारत ने दूसरी पारी 67 ओवरों में 4 विकेट पर 323 रन बनाकर घोषित की। रोहित ने इस पारी में शतक (127) लगाते हुए इतिहास रचा था। वे ओपनर के रूप में अपने पहले टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने थे। चेतेश्वर पुजारा ने 81 रन बनाए थे। इस तरह भारत ने द. अफ्रीका के सामने जीत के लिए 395 रनों का टारगेट रखा।

Next Story