राष्ट्रीय

Ind vs Aus: तीसरा वनडे कल रांची में, ऐसा रहा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड

Aaryan Dwivedi
16 Feb 2021 11:35 AM IST
Ind vs Aus: तीसरा वनडे कल रांची में, ऐसा रहा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड
x
Get Latest Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, Today News in Hindi, Breaking News, Hindi News - Rewa Riyasat

मल्टीमीडिया डेस्क। टीम इंडिया की निगाहें रांची के जेएससीए स्टेडियम में शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले तीसरे वनडे को जीतकर सीरीज में अपराजेय बढ़त बनाने पर टिकी रहेगी। सीरीज में 0-2 से पिछड़ रही मेहमान टीम इस मैच को जीतकर अपनी उम्मीदों को बनाए रखना चाहेगी। इस वजह से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरे वनडे में जोरदार संघर्ष देखने को मिल सकता है।

भारत के सफलतम कप्तान महेंद्रसिंह धोनी का रांची गृहनगर है और इसके जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में टीम इंडिया का रिकॉर्ड अच्छा रहा है। भारत ने इस मैदान पर अभी तक चार वनडे खेले जिनमें से 2 में उसे जीत मिली जबकि 1 में हार का सामना करना पड़ा। उसका एक मैच बेनतीजा रहा था। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 23 अक्टूबर 2013 को यहां हुआ मैच बेनतीजा रहा था जब वर्षा के कारण यह मैच पूरा नहीं हो पाया। ऑस्ट्रेलिया ने 8 विकेट पर 295 रन बनाए थे इसके जवाब में जब भारत ने 4.1 ओवर में बिना किसी नुकसान के 27 रन बनाए थे तभी बारिश शुरू हो गई थी और इसके बाद खेल नहीं हो पाया था।

भारत ने इस मैदान पर इंग्लैंड और श्रीलंका को हराया है जबकि न्यूजीलैंड के हाथों उसे हार का सामना करना पड़ा था। 19 जनवरी 2013 को इस मैदान पर पहला इंटरनेशनल वनडे खेला गया था जिसमें भारत ने इंग्लैंड को 7 विकेट से शिकस्त दी थी। इंग्लिश टीम को 155 रनों पर समेटने के बाद भारत ने लक्ष्य को मात्र 28.1 ओवरों में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया था।

भारत ने इसके बाद 16 नवंबर 2014 को हुए मुकाबले में श्रीलंका को 3 विकेट से हराया था। श्रीलंका के 286/8 के जवाब में भारत ने 8 गेंद शेष रहते 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया था। भारत को 26 अक्टूबर 2016 को न्यूजीलैंड के हाथों इस मैदान पर 19 रनों से शिकस्त झेलनी पड़ी। कीवी टीम के 7 विकेट पर 260 रनों के जवाब में भारत की पारी 48.4 ओवरों में 241 रनों पर सिमट गई।

टीम इंडिया इसके अलावा इस मैदान पर 1 टेस्ट मैच और 2 टी20 मैच भी खेल चुकी है। यह महेंद्रसिंह धोनी का अपने घरेलू मैदान पर अंतिम इंटरनेशनल मैच हो सकता है इसे लेकर स्थानीय दर्शकों में मैच के प्रति जबर्दस्त उत्साह हैं।

Next Story