
Income Tax Action on Mayawati's Brother: मायावती के भाई पर आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई, 400 करोड़ का प्लॉट जब्त

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के भाई और पार्टी उपाध्यक्ष आनंद कुमार और उनकी पत्नी पर आयकर विभाग ने शिकंजा कस लिया है। विभाग ने कार्रवाई करते हुए 400 करोड़ की कीमत के एक बेनामी प्लॉट को जब्त किया है। बताया जा रहा है कि ये प्लॉट नोएडा में है।
आनंद कुमार के पास बेनामी संपत्ति की शिकायत मिलने पर आयकर विभाग द्वारा कार्रवाई करते हुए संपत्ति की जांच की जा रही थी। इस दौरान विभाग के अधिकारियों को आनंद कुमार के पास नोएडा में लगभग 7 एकड़ प्लॉट के दस्तावेज मिले, जिसका बाजार भाव लगभग 400 करोड़ है।
बताया जा रहा है कि आयकर विभाग को आनंद कुमार और उनकी पत्नी के पास और भी बेनामी संपत्ति होने की जानकारी मिली है, जिसे भविष्य में जब्त किया जा सकता है। इस मामले की जांच आयकर विभाग के अलावा प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी कर रही है।




