राष्ट्रीय

ICC World Cup 2019: भारत को झटका, शिखर धवन वर्ल्ड कप से बाहर

Aaryan Dwivedi
16 Feb 2021 11:37 AM IST
ICC World Cup 2019: भारत को झटका, शिखर धवन वर्ल्ड कप से बाहर
x
Get Latest Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, Today News in Hindi, Breaking News, Hindi News - Rewa Riyasat

साउथम्पटन। भारतीय क्रिकेट टीम को करारा झटका लगा जब उसके ओपनर शिखर धवन चोट के कारण वर्ल्ड कप से बाहर हो गए। धवन के अंगूठे में फ्रैक्चर है। उनकी जगह रिषभ पंत को टीम में शामिल किया गया।

धवन इस चोट के कारण रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ मैच में नहीं खेल पाए थे। पहले ऐसा माना जा रहा था कि उनके अंगूठे की चोट कुछ दिनों में ठीक हो जाएगी लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के दौरान चोट लगी थी। मेडिकल टीम ने उन्हें फिट करने का प्रयास किया लेकिन उनकी रिकवरी ठीक से नहीं हो पाने की वजह से उन्हें वर्ल्ड कप से बाहर करने का फैसला किया गया।

धवन ने द. अफ्रीका के खिलाफ मात्र 8 रन बनाए थे लेकिन ओवल में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जोरदार शतक लगाया था। उन्होंने 117 रनों की पारी खेली थी और इसी मैच के दौरान उनके बाएं अंगूठे पर चोट लगी थी। पैट कमिंस की गेंद पर उन्हें चोट लगी थी। धवन की चोट समय रहते ठीक नहीं हो पा रही थी और उनके इंग्लैंड के खिलाफ 30 जून को होने वाले मैच के लिए फिट हो पाने की संभावना नहीं दिख रही थी, इसके बाद बीसीसीआई ने उनकी जगह पंत को टीम में शामिल करने का फैसला किया।

धवन को चोट लगने के बाद पंत को उनके कवर के रूप में बुलाया गया था। पंत को जब वर्ल्ड कप के लिए टीम में नहीं चुना गया था तब काफी बवाल मचा था क्योंकि वे पिछले एक साल से शानदार फॉर्म में चल रहे थे। पंत ने इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर शानदार प्रदर्शन किया था और सुनील गावस्कर ने भी उन्हें टीम में चुने जाने की वकालत की थी।

उनकी जगह केएल राहुल पाकिस्तान के खिलाफ पारी की शुरुआत करने उतरे थे और उन्होंने अर्द्धशतक लगाया था और रोहित शर्मा के साथ रिकॉर्ड शतकीय भागीदारी की थी। भारत को अब शनिवार को अगला मैच अफगानिस्तान से खेलना है।

भारत के लिए धवन का वर्ल्ड कप से बाहर होना करारा झटका है क्योंकि उसके प्रमुख गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार पहले से ही चोटिल हैं। भुवी हैमस्ट्रिंग की चोट के चलते अगले दो-तीन मैचों में नहीं खेल पाएंगे।

Next Story