
हीरो कंपनी की दुपहिया गाड़ियां हुई महंगी, 15सौ रुपए तक बढ़ाई गई कीमत

हीरो मोटोकॉर्प की गाड़ियां खरीदने के लिए अब लोगों को अपनी जेब और ढीली करनी पड़ेगी। 1 दिसंबर से हीरो के गाड़ियों की कीमतों में एक बार फिर इजाफा कर दिया गया है। हीरो मोटोकॉर्प द्वारा टू-व्हीलर गाड़ियों के दाम लगभग 1500 रुपए तक बढ़ा दिए गए हैं। कंपनी की हीरो डीलक्स, स्प्लेंडर और पैशन सहित अन्य दो पहिया गाड़ियां खरीदने के लिए ग्राहकों को अब ज्यादा कीमत चुकानी पड़ेगी।
हीरो गाड़ियों के दाम बढ़ने की वजह
हीरो मोटोकॉर्प ने टू-व्हीलर की कीमतों में इजाफा करने की घोषणा पूर्व में ही कर दी थी। कंपनी के मुताबिक मेकिंग कॉस्ट की वजह से बाइक और स्कूटर की कीमतें बढ़ाई गई हैं। महंगाई के चलते गाड़ियों के अलग-अलग कंपोनेंट्स की लागत बढ़ गई है जिससे इनकी ओवर ऑल मेकिंग कॉस्ट पर भी इसका असर पड़ा है। जिसके चलते कंपनी द्वारा सभी गाड़ियों की कीमतों में इजाफा कर दिया गया है। कंपनी के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर की मानें तो मोटर साइकिल और स्कूटर्स की कीमत बढ़ाना अनिवार्य हो गया था। अब हीरो मोटोकॉर्प द्वारा 1 दिसम्बर से दुपहिया वाहनों की कीमतों में की गई वृद्धि से इनको खरीदने का सपना रखने वाले लोगों को ज्यादा कीमत अदा करनी पड़ेगी।
हीरो की गाड़ियों के अलग-अलग बढ़े दाम
हीरो मोटोकॉर्प की मानें तो कंपनी की सभी गाड़ियों की कीमत में अलग-अलग वृद्धि की गई है। कंपनी के अनुसार हीरो की स्प्लेंडर कई महीनों से देश की नंबर-1 बाइक बनी हुई है। अक्टूबर माह की बात की जाए तो हीरो मोटोकॉर्प ने स्प्लेंडर की 2 लाख 61 हजार 721 यूनिट बिक्री कीं। गाड़ियों के अलग-अलग कंपोनेंट्स की लागत बढ़ जाने से इन गाड़ियों की कीमतों में इजाफा किया गया है। वहीं पिछले वर्ष 2021 की बात की जाए तो हीरो मोटोकॉर्प ने चार बार गाड़ियों के दामों में वृद्धि की थी। तब भी कंपनी द्वारा रॉ मटेरियल का महंगा होना कीमत बढ़ाने की वजह को बताया गया था। 2021 में कंपनी ने माह जनवरी, अप्रैल, जुलाई और सितंबर में हीरो मोटोकॉर्प ने अपनी टू-व्हीलर गाड़ियों के दाम बढ़ाए थे।




