
Coronavirus: कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद पूरा गांव होम क्वारंटाइन, घर के पास 3 KM का इलाका सील
रांची। हजारीबाग के विष्णुगढ़ के एक गांव में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद इसके तीन किलोमीटर तक के क्षेत्र को सील कर दिया गया है। उधर रांची के हिंदपीढ़ी में मेडिकलकर्मियों पर हमला और बदसलूकी के दूसरे दिन पुलिस की सख्ती के बीच शुक्रवार को स्क्रीनिंग की गई। पूरे हिंदपीढ़ी इलाके के 35 प्वाइंट पर स्वास्थ्य जांच की गई।
स्थिति का जायजा लेने आइजी नवीन कुमार सिंह हिंदपीढ़ी पहुंचे। देर रात एक संदिग्ध मिलने पर उसे क्वारंटाइन किया गया है। तैनात वालेंटियर्स ने एक-एक घर से लोगों को निकालकर कैंपों तक पहुंचाया। मस्जिदों से भी चेकअप कराने के लिए एलान किया गया।
हजारीबाग के विष्णुगढ़ में शुक्रवार की सुबह पूरा प्रशासनिक अमला और मेडिकल टीम संक्रमित व्यक्ति के गांव पहुंची। संक्रमण के खतरे से बचने के लिए 400 की आबादी वाले इस गांव में सभी लोगों को होम क्वारंटाइन कर दिया गया है। किसी को भी गांव से बाहर आने की इजाजत नहीं है। गांव के आस-पास की तीन किलोमीटर क्षेत्र सील है।
पूरे गांव को मेडिकल टीम द्वारा सैनिटाइज किया जा रहा है। ग्रामीणों की स्क्रीङ्क्षनग भी शुरू कर दी गई है। संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए लोगों को 28 दिनों के आइसोलेशन में रखा जाएगा। उपायुक्त भुवनेश प्रताप ङ्क्षसह ने बताया कि कोविड-19 को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है।
डब्लूएचओ की टीम ने भी संक्रमित व्यक्ति के गांव का मुआयना किया। संक्रमित ग्रामीण की पत्नी और दो बेटों को विष्णुगढ़ सरकारी अस्पताल में ही आइसोलेट किया जाएगा। संक्रमित व्यक्ति अपने साढू के बेटे के साथ पैदल ही आसनसोल से विष्णुगढ़ के लिए चला था। दोनों आसनसोल में मजदूरी करते थे। आने के क्रम में उसने दो बार लिफ्ट लिया था। हजारीबाग मेडिकल कॉलेज में ही संक्रमित मरीज का इलाज किया जा रहा है।




