
अफगानिस्तान भूकंप: मरने वालों की संख्या 1411, भारत ने भेजी मदद; 15 टन खाने का सामान और 1000 टेंट भेजे

अफगानिस्तान में रविवार रात आए 6.0 तीव्रता के भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। न्यूज एजेंसी एपी के मुताबिक, मरने वालों की संख्या बढ़कर 1411 हो गई है, जबकि 3250 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। भूकंप का केंद्र जलालाबाद के पास था, जहां रात में लोग सो रहे थे। अचानक आए इस भूकंप से कई इमारतें और मकान मलबे में तब्दील हो गए, जिसमें कई लोग दब गए। यह इलाका राजधानी काबुल से करीब 150 किलोमीटर दूर है।
भारत ने भेजी मदद, विदेश मंत्री ने किया ट्वीट
तालिबान सरकार ने इस आपदा के बाद दुनियाभर से मदद की अपील की है। इसके बाद भारत ने फौरन राहत सामग्री भेजी है। भारत ने 1000 टेंट और 15 टन खाने का सामान काबुल से कुनार भेजा है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक्स पर ट्वीट करके बताया कि भारत आगे भी मदद भेजता रहेगा। 2021 में तालिबान सरकार बनने के बाद अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं ने मानवीय सहायता रोक दी थी। ऐसे में भारत की यह मदद काफी अहम है।
Spoke with Afghan Foreign Minister Mawlawi Amir Khan Muttaqi today. Expressed our condolences at the loss of lives in the earthquake. Conveyed that India has delivered 1000 family tents today in Kabul. 15 tonnes of food material is also being immediately moved by Indian Mission… pic.twitter.com/whO2iTBjS8
— Dr. S. Jaishankar (@DrSJaishankar) September 1, 2025
भूकंप ने कई गांवों को किया तबाह
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप 2 लाख की आबादी वाले जलालाबाद शहर से लगभग 17 मील दूर नांगरहार प्रांत में आया। यहां कई गांव पूरी तरह से मलबे में बदल गए हैं। यह एक पहाड़ी इलाका है, जिसे भूकंप के लिए रेड जोन माना जाता है। इस इलाके में राहत सामग्री पहुंचाना भी काफी मुश्किल है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, सबसे ज्यादा मौतें पड़ोसी कुनार प्रांत में हुई हैं, जहां सोमवार को 4.6 तीव्रता का एक और भूकंप आया था। इस भूकंप के झटके पाकिस्तान और भारत के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए।
Rewa Riyasat News
2013 में स्थापित, RewaRiyasat.Com एक विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है जो पाठकों को तेज़, सटीक और निष्पक्ष खबरें प्रदान करता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक की भरोसेमंद जानकारी पहुंचाना है।




