
लोकसभा चुनाव हारते ही कांग्रेस को झटका, इन्होने पद से दिया इस्तीफा, मचा हड़कंप

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 में कांग्रेस नीत यूपीए ( UPA ) को करारी शिकस्त मिली है। बीजेपी नीत एनडीए ने इस चुनाव में प्रचंड जीत हासिल की है। वहीं, इस बड़ी हार से कांग्रेस के अंदर खलबली मच गई है और इस्तीफा का दौर शुरू हो गया। पहले उत्तर प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने अपने पद से इस्तीफा दिया। वहीं, अब कर्नाटक में कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष एच के पाटिल ने राहुल गांधी को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
कांग्रेस में इस्तीफे का दौर का शुरू
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को कर्नाटक में कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष एच के पाटिल ने राहुल गांधी को अपना इस्तीफा सौंप दिया। अपने पद से इस्तीफा देते हुए एचके पाटिल ने कहा कि यह वक्त हम सभी के लिए आत्मनिरीक्षण करने का है। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि जिम्मेदारी निभाना मेरा नैतिक कर्तव्य है, इसलिए मैं पार्टी में अपने पद से इस्तीफा देता हूं। इधर, खबर आ रही है कि ओडिशा में भी कांग्रेस के एक नेता ने इस्तीफा दे दिया है। गौरतलब है कि इस लोकसभा चुनाव में कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी ने 28 में से 25 सीटों पर जीत का परचम लहराया है। जबकि, एक सीट पर उसने निर्दलीय उम्मीदवार सुमालता अंबरीश का समर्थन किया था। कांग्रेस और जेडीएस को 1-1 सीट मिली है। आलम यह है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता रहे मल्लिकार्जुन खड़गे तक चुनाव हार गए। अब देखना यह है कि इस प्रचंड हार से कांग्रेस किस तरह उबरती है।




