
रीवा: पंचतत्व में विलीन हुआ श्रीनगर में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए जवान अखिलेश का शरीर

रीवा। जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए सेना के जवान अखिलेश पटेल का रविवार को रीवा में उनके गृह ग्राम गोदरी में शासकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई. शहीद जवान को अंतिम विदाई देने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. लोगों ने नम आँखों से शहीद की शहादत पर नमन करते हुए श्रद्धांजलि दी है.
दरअसल, एलओसी में ड्यूटी के दौरान हिमस्खलन होने से जवान अखिलेश पटेल शहीद हो गए थे. 7 नवंबर गुरुवार को सेना की ओर से इस घटना की सूचना परिवार वालों को दी गई थी. इसमें यह भी बताया गया था कि बारामुला में हो रही बर्फबारी की वजह से पार्थिव शरीर को लाने में समय लग गया जिसके बाद रविवार को उनका पार्थिव शरीर गांव में पहुंचा.
अखिलेश पांच वर्ष पहले सेना में भर्ती हुए थे. जैसे ही उनका पार्थिव शरीर गांव में पहुंचा पूरा गांव अपने सपूत को विदाई देने के लिए उमड़ पड़ा. सेना और प्रशासन के अधिकारी भी उनकी अंतिम यात्रा में पहुंचे. ग्रामीणों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी. शहीद को अंतिम विदाई देने को सेना और प्रशासन के अधिकारी भी रीवा के गोदरी गांव पहुंचे थे. पूरे शासकीय सम्मान के साथ जवान को श्रद्धांजलि दी गई. अखिलेश पटेल की शहादत पर परिवार को दुख के साथ गर्व भी है.
मुख्यमंत्री ने भी शोक जताया मुख्यमंत्री कमलनाथ ने रीवा के सपूत अखिलेश पटेल की शहादत पर शोक जताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है. कमलनाथ ने संदेश में कहा, ‘प्रदेश के रीवा के गोदरी गाँव के सेना के वीर जवान अखिलेश पटेल की कश्मीर के हंदवाडा में हुई शहादत, बेहद दुखद परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएँ सीमा व देश की सुरक्षा में लगे वीर जवान की शहादत व्यर्थ नहीं जायेगी . परिवार के साथ इस दु:ख की घड़ी में सरकार खड़ी है , हरसंभव मदद की जायेगी’.




