
ईयरफोन लगाए युवक को ट्रक ने कुचला, पत्नी को वीडियो कॉल करके कहा-देखो क्या...

सड़क हादसों को लेकर अक्सर सरकारें मुहिम चलाती हैं. कई एनजीओ मुहिम चलाते हैं. लोगों को ये जानकारी दी जाती है कि सड़क पर संभल कर चले. आंकड़े भी बताए जाते है कि हर साल सड़क हादसों की वजह से करीब डेढ़ लाख लोगों की मौत हो जाती है. फिर भी लोगों को अपनी जान की कीमत समझ में नहीं आती है. वे किसी न किसी तरह से लापरवाही करते ही हैं और जान गंवा बैठते हैं. बिहार के बेगूसराय से एक ऐसी ही लापरवाही की खबर आई है. जिसमें एक युवक की जान चली गई. और पीछे परिवार छूट गया.
बेगूसराय का राजाराम एनएच-28 पर बाइक से जा रहा था. कान में ईयर फोन लगाया हुआ था. ईयर फोन की वजह से वो ट्रक के हॉर्न की आवाज नहीं सुन पाया और ट्रक की चपेट में आ गया. ट्रक उसके पैरों को कुचलते हुए निकल गया. इस हादसे में उसका एक पैर पूरी तरह से कट गया, दूसरा पैर टूट गया. आस पास के लोगों ने उसे बेगूसराय के अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन उसकी जान नहीं बच पाई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद उसने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल किया. बताया कि देखो क्या हाल हो गया मेरा. सामने पत्नी रोती रही. लेकिन वो बच नहीं पाया. इस हादसे को देखने वाले लोगों ने ही बताया कि अगर युवक हेडफोन नहीं लगाया होता तो शायद वो बच जाता. क्योंकि हेडफोन की ही वजह से ट्रक की आवाज़ नहीं सुन पाया.
मौके पर पहुंचे घरवालों ने बताया गया कि राजाराम पंडित अपने साले के श्राद्धकर्म में शामिल होने के लिए अपने ससुराल जा रहा था. उसकी शादी तीन साल पहले ही हुई थी. उसकी एक सात महीने के बेटी भी है.




