
इंदौर में हुई थी जिस विज्ञापन की शूटिंग, Virat Kohli ने जारी किया वो Video, यहाँ देखें...

इंदौर। Virat Kohli in Indore: भारत और बांग्लादेश के बीच इंदौर के होलकर स्टेडियम में नवंबर में हुए टेस्ट से पहले विराट कोहली एक गली क्रिक्रेट के शूट के लिए शहर की रहवासी बिल्डिंग में पहुंचे थे। यहां उन्होंने दोपहर एक बजे तक जिस वीडियो को शूट किया था, वह अब जारी कर दिया गया है। स्टार स्पोर्ट्स के लिए बनाए गए इस वीडियो को विराट ने खुद अपने फेसबुक एकाउंट से #LetKidsPlay! के साथ जारी किया है। यह शूट 12 नवंबर को शहर की श्रीजी हाइट्स सोसाइटी में किया गया था।
[embed]https://www.facebook.com/virat.kohli/videos/739845056524433/[/embed]इस दौरान विराट ने टाउनशिप के बच्चों के साथ खूब मस्ती की थी। सुबह विराट जब सोसाइटी में एक शूट के लिए पहुंचे, तो लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं था। विराट का ये एड बच्चों को खेलने की आजादी देने के लिए बनाया गया है। इसमें विराट कहते हैं- आज से 10-20 साल पहले एक दिन खेलेंगे एमएस धोनी, विराट कोहली और हार्दिक पंड्या। हम तो ग्राउंड पर खेलते थे सहवाग, सचिन और गांगुली बनकर। ये देखो एक बच्चे का मुझे डीएम आया- हाय विराट सर, मैं और मेरे फ्रेंड्स रोज क्रिकेट खेलने की कोशिश करते हैं... कोशिश? पर कॉलोनी के अंकल-आंटी हमें खेलने ही नहीं देते। अब एक सीनियर क्रिकेटर होकर हेल्प करना तो बनता है...। इसके बाद विराट सोसाइटी पहुंचते हैं और एड पूरा बनाते हैं। इस विज्ञापन के जरिये विराट ने समाज को संदेश दिया है कि बच्चों को खेलने-कूदने से न रोकें।
अब आपको बताते हैं उस दिन की बात जब विराट सोसाइटी में शूट के लिए पहुंचे थे। उनके आने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में उनके फैंस विराट की एक झलक पाने के लिए पहुंचने लगे थे। टाउनशिप के रहवासियों और बच्चों ने जोरदार तरीके से विराट का स्वागत किया।
स्कूल जाने के लिए उठने में ना-नुकुर करने वाले बच्चे गुरु नानक जयंती की छुट्टी होने के बावजूद सुबह 6 बजे से ही तैयार होकर विराट का इंतजार कर रहे थे। करीब 9 बजे विराट की कार जैसे ही सोसाइटी पहुंची, तो विराट-विराट की आवाज से पूरा माहौल गूंज उठा।
लाइट ग्रे कलर की जींस और ब्लू टी शर्ट के ऊपर रेड चेक्स की शर्ट पहनकर पहुंचे विराट ने ने छोटे बच्चों के साथ क्रिकेट खेला। पहले बॉलिंग की और फिर अपनी बल्लेबाजी के जौहर दिखाए। इस दौरान विराट ने बच्चों को क्रिकेट के टिप्स भी दिए।
शूट के साथ ही विराट ने अपने मोबाइल पर सोसायटी का वीडियो भी बनाया था। यह पूरा एड शूट सोसायटी उपाध्यक्ष मोहित तिवारी और इवेंट कंपनी के सिद्धार्थ चौहान की देखरेख में पूरा हुआ था।
प्रियंका बाजपेई ने बताया कि सोसायटी के लोग विराट को इतने करीब से देखकर बहुत उत्साहित थे। चुनिंदा बच्चों को विराट के पास तक पहुंचने दिया गया था। विराट 3 घंटे से ज्यादा इस लोकेशन पर रहे। बता दें कि भारत और बांग्लादेश के बीच 14 से 18 नवंबर तक 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच खेला गया। इससे पहले विराट को बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज से विश्राम दिया गया था, लेकिन वे टेस्ट सीरीज के लिए टीम से दोबारा जुड़ गए हैं।




