मध्यप्रदेश

Women IPL 2023 खेलेगी विंध्य के बेटी 'पूजा', Mumbai Indians ने 1.9 करोड़ में खरीदा

Sanjay Patel
14 Feb 2023 11:08 AM GMT
Women IPL 2023 खेलेगी विंध्य के बेटी पूजा, Mumbai Indians ने 1.9 करोड़ में खरीदा
x
Pooja Vastrakar Women IPL 2023 Auction News: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की आलराउंडर और एमपी की बेटी आगामी दिनों में होने वाले महिला प्रीमियर लीग में अपना जौहर दिखाएंगी। मुंबई में आक्शन के दौरान मुंबई इंडियंस ने उन्हें 1.9 करोड़ में खरीदा।

Pooja Vastrakar Women IPL 2023 Auction News: रीवा / शहडोल: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की आलराउंडर और विंध्य की बेटी आगामी दिनों में होने वाले महिला प्रीमियर लीग में अपना जौहर दिखाएंगी। गत सोमवार को मुंबई में आक्शन का आयोजन हुआ जिसमें मुंबई इंडियंस द्वारा उन्हें 1.9 करोड़ रुपए में खरीदा गया। एमपी की बेटी के लिए यह पहला अवसर होगा जब वह मुंबई इंडियंस के लिए मैदान में उतरेंगी। मुंबई इंडियंस द्वारा उनका चयन किए जाने पर मध्यप्रदेश गौरवान्वित हुआ है।

एमपी शहडोल की बेटी का मुंबई इंडियंस में चयन

एमपी शहडोल की बेटी पूजा वस्त्राकर आगामी दिनों में होने वाले महिला प्रीमियर लीग में खेलने जा रही हैं। मुंबई इंडियंस द्वारा उनका चयन किया गया है। पूजा के इस चयन पर उनके पिता के साथ ही परिजन और इष्ट मित्र खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। पूजा के पिता बंधनराम वस्त्राकर बीएसएनएल कार्यालय शहडोल में क्लर्क रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूजा जब कक्षा पांचवीं में पढ़ती थी तभी उसे उसको क्रिकेट खेलने का शौक था। आज उसके द्वारा अपने सपनों को पूरा करते हुए अच्छा मुकाम हासिल किया है जिस पर उन्हें गर्व है।

आक्शन में नाम आया तो घर लगाया फोन

मुंबई में आक्शन का आयोजन सोमवार को किया गया। जिसमें मुंबई इंडियंस ने पूजा का चयन किया। आक्शन में नाम आने पर पूजा ने घर में फोन लगाकर पूछा कि पापा आक्शन में मेरा नाम आया है आप टीवी देख रहे हैं। तब पूजा के पापा ने कहा हां बेटी मैं टीवी के सामने बैठकर सब देख रहा हूं। इस दौरान पूजा द्वारा घर के अन्य सदस्यों से भी बात की गई। छोटी सी ही उम्र में पूजा को क्रिकेट खेलने का इतना जुनून था कि उनके घुटने पर दो बार चोट भी लगी। इसके बावजूद उन्होंने क्रिकेट नहीं छोड़ा।

मेहनत और लगन से हासिल किया मुकाम

पूजा के शुरुआती कोच आशुतोष श्रीवास्तव द्वारा औपचारिक प्रशिक्षण देकर उनके हुनर को निखारा गया। कोच की मानें वर्ष 2009-10 में जब पूजा 10 साल की थीं तब वह स्टेडियम में खेल रही थीं। सुबह के सेशन में कुछ बच्चे मैदान में खेल रहे थे। जिसमें एक लड़की टेनिस बाल में क्रिकेट खेलते हुए बड़े हिट लगा रही थी।

जिस पर उन्होंने लड़की को अपने पास बुलाया और प्रश्न किया कि क्या क्रिकेट खेलना चाहती हो। जिस पर उसने हां में जवाब दिया। जिसके बाद पूजा ने फिटनेस सेशन ज्वाइन कर लिया। तब से वह लगातार स्टेडियम के ग्राउंड में प्रेक्टिस करने लगी। उसकी मेहनत व लगन का ही परिणाम है कि आज उसने अच्छा मुकाम हासिल कर दिया।

क्रिकेट खेलने में परिवार ने किया सहयोग

लोवर मिडिल क्लास परिवार से होने के कारण पूजा को आर्थिक समस्याएं भी झेलनी पड़ती थीं। किंतु इस बात को वह कभी महसूस नहीं कराती थी। ज्ञानोदय स्कूल के प्राचार्य पूजा की शुरू से ही मदद करते रहे हैं। पहली बार क्रिकेट किट भी पूजा को प्राचार्य द्वारा ही दिलवाई गई थी। इसके साथ ही उनके परिवार के सदस्य भी क्रिकेट खेलने में उनका भरपूर सहयोग करते थे। पूजा की कद काठी और हेयर स्टाइल के चलते लोग उसको लड़का भी समझ बैठते थे। महात्मा गांधी स्टेडियम में प्रेक्टिस के दौरान कई बार लोगों द्वारा उसे भैया भी कहा गया।

भारतीय टीम में बाबू भाई के नाम से हैं फेमस

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की आलराउंडर पूजा वस्त्राकर पांच बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटी हैं। भारतीय टीम में पूजा का नाम बाबू भाई के नाम से फेमस हो चुका है। दस साल की उम्र में महात्मा गांधी स्टेडियम शहडोल से उन्होंने क्रिकेट मैच की शुरुआत करते हुए अब वह मुंबई इंडियंस की ओर से खेलेंगी। 12 वर्ष की उम्र में पूजा का चयन मध्यप्रदेश टीम अंडर-16 के लिए हुआ। मध्यप्रदेश टीम में खेलने के दौरान अभ्यास सत्र में टीम की कोच ने बालिंग कराई।

जिसके बाद कोच ने कहा कि अच्छी बालिंग करती हो चलो प्रेक्टिस प्रारंभ करो जहां से वह आलराउंडर बनकर उभरीं। उनका प्रदर्शन लगातार अच्छा रहने के कारण भारतीय टीम में जगह मिली। वर्ष 2016 में फील्डिंग के दौरान उनके घुटने मुड़ जाने से वह चोटिल हो गईं। जिसे कारण 2017 महिला वर्ल्ड कप में वह सिलेक्ट नहीं हो सकीं।

वर्ष 2018 में पहली बार दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया में वनडे सीरीज के लिए उनका चयन हुआ। जिसके बाद टी-20 में उन्होंने अपनी जगह बनाई। पूजा की बड़ी बहन उषा वस्त्राकर भी नेशनल एथलीट रह चुकी हैं।

Next Story