मध्यप्रदेश

MP Board: 5वीं व 8वीं छात्रों के लिए बड़ी अपडेट, 25 मार्च से होगी परीक्षा, 12 हजार से अधिक बनाए गए केन्द्र

Sanjay Patel
20 March 2023 2:56 AM GMT
MP Board: 5वीं व 8वीं छात्रों के लिए बड़ी अपडेट, 25 मार्च से होगी परीक्षा, 12 हजार से अधिक बनाए गए केन्द्र
x
MP Board: कक्षा 5वीं और 8वीं के छात्रों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। 13 साल बाद यह पहला मौका होगा जब इन कक्षाओं की परीक्षाएं पुनः बोर्ड पैटर्न पर होने जा रही हैं।

MP Board: कक्षा 5वीं और 8वीं के छात्रों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। 13 साल बाद यह पहला मौका होगा जब इन कक्षाओं की परीक्षाएं पुनः बोर्ड पैटर्न पर होने जा रही हैं। पांचवीं और आठवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं 25 मार्च से प्रारंभ होंगी। जिसमें 87 हजार 792 शासकीय शालाओं, 24 हजार 565 अशासकीय शालाओं के साथ ही 1 हजार 64 मदरसों के विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा केन्द्रों के निर्धारण में इस बात का विशेष ध्यान रखा गया है कि केन्द्र संबंधित स्कूलों से ज्यादा दूरी पर न हों।

12 हजार से ज्यादा परीक्षा केन्द्र

पांचवीं और आठवीं की परीक्षाएं राज्य शिक्षा केन्द्र, स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित कराई जाएंगी। यह परीक्षा बोर्ड पैटर्न पर 25 मार्च से विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर प्रारंभ होंगी। राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा छात्रों के सुचारू आवागमन को ध्यान में रखते हुए नजदीकी स्कूलों में 12 हजार 364 से अधिक परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। राज्य शिक्षा केन्द्र के संचालक धनराजू एस ने बताया कि परीक्षा केद्रों के निर्धारण में इस बात का विशेष ध्यान रखा गया है कि यह केन्द्र संबंधित स्कूलों से ज्यादा दूरी पर स्थापित न हों। इन केन्द्रों में स्कूलों की क्षमता अनुसार विद्यार्थियों को सुविधाएं मौजूद रहें। इस वर्ष शासकीय शालाओं के साथ ही निजी स्कूलों और मदरसों के छात्र भी बोर्ड पैटर्न में पांचवीं और आठवीं की परीक्षा में शामिल होंगे।

तीन की बजाय अब मिलेंगे ढाई घंटे

बोर्ड पैटर्न पर आयोजित की जाने वाली कक्षा पांचवीं और आठवीं की परीक्षा के लिए इस बार छात्रों के पास ढाई घंटे का ही समय रहेगा। जबकि इसके पूर्व तीन घंटे का समय प्रश्न पत्र हल करने के लिए दिया जाता था। यह परीक्षा सुबह 9 बजे से 11.30 बजे तक चलेगी। कक्षा आठवीं की परीक्षा 1 अप्रैल को खत्म होगी तो वहीं पांचवीं की परीक्षा का अंतिम पेपर 31 मार्च को होगा। इस वर्ष 1 लाख 13 हजार 422 शासकीय, निजी शालाओं और मदरसों के लगभग 24 हजार 73 हजार बच्चे इन परीक्षाओं में शामिल होंगे। जिनमें से 427 निजी स्कूलों के 18 हजार 320 बच्चों के लिए एनसीईआरटी पाठ्यक्रम के अनुसार पृथक से भाषा विषय के प्रश्न पत्र तैयार किए गए हैं। इस संबंध में राज्य शिक्षा केन्द्र से मिली जानकारी के अनुसार परीक्षा में 60 अंक का प्रश्न पत्र रहेगा। जिसमें 10 अंक बहुविकल्पीय प्रश्न के लिए, 30 अंक लघुउत्तरीय प्रश्न और 20 अंक के दीर्घ उत्तरीय प्रश्न शामिल रहेंगे। प्रोजेक्ट के आधार पर छात्रों को 40 अंक प्रदान किए जाएंगे।

Next Story