मध्यप्रदेश

एमपी के इस गांव में है अनोखी परम्परा, पर्व मनाने बंदूक से निशाना लगाकर फोड़ते हैं नारियल

Sanjay Patel
3 Sep 2023 6:51 AM GMT
एमपी के इस गांव में है अनोखी परम्परा, पर्व मनाने बंदूक से निशाना लगाकर फोड़ते हैं नारियल
x
MP News: मध्यप्रदेश के विदिशा अंतर्गत एक गांव में आज भी अनोखी परम्परा जारी है। जिसका निर्वहन बखूबी लोगों द्वारा किया जाता है। यहां भुजरियों का त्योहार बड़े ही अनोखे ढंग से मनाया जाता है।

मध्यप्रदेश के विदिशा अंतर्गत एक गांव में आज भी अनोखी परम्परा जारी है। जिसका निर्वहन बखूबी लोगों द्वारा किया जाता है। यहां भुजरियों का त्योहार बड़े ही अनोखे ढंग से मनाया जाता है। नारियल को पेड़ पर बांधकर बंदूकधारी निशानेबाज उस पर निशाना लगाकर नारियल को फोड़ते हैं। यह परम्परा यहां वर्षों से चली आ रही है।

50 फीट की ऊंचाई पर बांधते हैं नारियल

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से लगभग 100 किलोमीटर दूर झूकरजोगी गांव स्थित है। यहां पर वर्षों पुरानी परम्परा का निर्वहन आज भी लोगों द्वारा किया जा रहा है। यहां भुजरियों का त्यौहार बड़े ही अनोखे अंदाज में मनाया जाता है। नारियल को पेड़ में 50 फीट की ऊंचाई पर बांधा जाता है। इसके बाद उस पर बंदूक से निशाना लगाकर उसे तोडा़ जाता है। जब तक नारियल को निशाना लगाकर फोड़ नहीं दिया जाता तब तक भुजरियां नहीं तोड़ी जा सकतीं।

दो दर्जन से अधिक बंदूकधारी लगाते हैं निशाना

विदिशा के झूकरजोगी गांव में यह परंपरा वर्षों पुरानी है। यहां अच्छे-अच्छे निशानेबाजों की एक नहीं चलती। इस प्रथा को जीवंत रखने के लिए लगभग दो दर्जन से अधिक बंदूकधारी नारियल पर बंदूक से निशाना लगाते हैं। बंदूक की गोली से जब तक पेड़ की ऊंचाई पर बांधा गया नारियल नहीं फूटता तब तक गांव में भुजरियां नहीं मनाई जाती। बताया गया है कि इस आयोजन के दौरान मंदिर के सामने एक चौक के समीप गांव की सभी भुजरियां इकट्टी होती हैं।

गोलियों की आवाज से गूंज उठता है गांव

भुजरियां त्यौहार मनाने की अनोखी परंपरा है। यहां महिलाएं नृत्य करती हैं इसके साथ ही मंगल गीत गाए जाते हैं। इस दौरान एक से बढ़कर एक निशानेबाज बंदूक से नारियल पर निशाना लगाते देखे जाते हैं। इस त्यौहार पर कई गांवों के लोग यहां पहुंचते हैं। पुलिस की मौजूदगी में होने वाले इस आयोजन में हर किसी के हाथ में बंदूक नजर आती है। एक से बढ़कर एक निशानेबाज अपना हुनर यहां दिखाते हैं। इस दौरान गोलियां की आवाज से समूचा गांव गूंज उठता है।

Next Story