मध्यप्रदेश

एमपी के तीन लोगों की मौत, आधा दर्जन से अधिक हुए घायल, उत्तराखंड के गंगोत्री में पहाड़ से वाहनों पर गिर गया मलबा

Sanjay Patel
11 July 2023 10:01 AM GMT
एमपी के तीन लोगों की मौत, आधा दर्जन से अधिक हुए घायल, उत्तराखंड के गंगोत्री में पहाड़ से वाहनों पर गिर गया मलबा
x
MP News: मध्यप्रदेश के तीन लोगों की मौत हो गई जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। इस हादसे की वजह उत्तराखंड में गंगोत्री के गंगनानी के समीप एक पहाड़ से गिरे मलबे को बताया गया है।

मध्यप्रदेश के तीन लोगों की मौत हो गई जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। इस हादसे की वजह उत्तराखंड में गंगोत्री के गंगनानी के समीप एक पहाड़ से गिरे मलबे को बताया गया है। मलबे ने तीर्थयात्रियों ने भरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई जिसमें से एक भोपाल और दो देवास के रहने वाले हैं। आपदा प्रबंधन के कर्मचारियों ने मलबे में शवों को बाहर निकाल लिया है।

तीर्थयात्रियों से भरे वाहन आए चपेट में

उत्तराखंड में गंगोत्री के गंगनानी के समीप एक पहाड़ से मलबा गिरा। जिसकी चपेट में तीर्थयात्रियों से भरे वाहन आ गए। जानकारी के मुताबिक पहाड़ से गिरे मलबे में टैंपो ट्रेवलर वाहन और दो छोटे वाहन दब गए थे। काफी मशक्कत के बाद आपदा प्रबंधन के कर्मचारियों ने शवों को मलबे से बाहर निकाला। घटना को लेकर उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शोक संवेदनाएं प्रकट की हैं।

इनकी हुई मौत

गंगोत्री हादसे में एमपी की एक महिला और दो युवकों की मौत होना बताया गया है। जबकि आधा दर्जन से अधिक घायल हुए हैं। मृतकों में पुष्पा चौहान पत्नी मोहनलाल 65 वर्ष निवासी भोपाल, अंशुल मंडलोई 23 वर्ष निवासी देवास, योगेन्द्र सोलंकी 23 वर्ष निवासी देवास शामिल हैं। जबकि शोभा पत्नी बंशीलाल निवासी इंदौर 49 वर्ष, सानिध्य बाथलिया पुत्र दिपेश बाथलिया 14 वर्ष निवासी इंदौर, अभिषेक सोलंकी निवासी देवास 25 वर्ष, उमंग सोलंकी निवासी देवास 24 वर्ष गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं माही चौहान पुत्र महेन्द्र चौहान 9 वर्ष निवासी भोपाल, अमृता पुत्री महेन्द्र चौहान 13 वर्ष निवासी भोपाल, संतोष निवासी भोपाल, मनोज साहू निवासी भोपाल 33 वर्ष, भूपेन राठौर 34 वर्ष निवासी भोपाल, अंशुल निवासी देवास 24 वर्ष भी हादसे में घायल हुए हैं।

घायलों को करवाया भर्ती

तीर्थयात्रियों के वाहन पर पहाड़ का मलबा गिरने से घायल हुए लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के मुताबिक मलबे की चपेट में आए तीनों वाहनों में 31 लोग सवार थे। लगातार बारिश और पहाड़ से गिर रहे पत्थरों की वजह से एक यात्री का शव वाहन से बाहर निकालने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। सभी तीर्थयात्री गंगोत्री से दर्शन कर वापस लौट रहे थे। मलबा गिरने के तकरीबन 11 घंटे बाद रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

Next Story