मध्यप्रदेश

एमपी में ताड़ी पीने से महिला समेत तीन लोगों की मौत, 13 अस्पताल में भर्ती

Sanjay Patel
17 April 2023 9:48 AM GMT
एमपी में ताड़ी पीने से महिला समेत तीन लोगों की मौत, 13 अस्पताल में भर्ती
x
MP News: मध्यप्रदेश में ताड़ी पीने से महिला समेत तीन लोगों की मौत होने का प्रकाश में आया है। जबकि 13 लोगों की हालत बिगड़ गई जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मध्यप्रदेश में ताड़ी पीने से महिला समेत तीन लोगों की मौत होने का प्रकाश में आया है। जबकि 13 लोगों की हालत बिगड़ गई जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना रविवार देर शाम की बताई गई है। ऐसी आशंका जताई गई है कि ग्रामीणों द्वारा जिस ताड़ी का सेवन किया गया है वह जहरीली थी। फिलहाल चिकित्सकों द्वारा 13 लोगों का उपचार किया जा रहा है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई हैं

मेहमानों को पिलाने के लिए लाए थे ताड़ी

मामला एमपी धार अंतर्गत अलीराजपुर जिले के बोरी थाना क्षेत्र व धार जिले के टांडा थाना क्षेत्र में घटित हुई। बताया गया है कि टांडा थाना अंतर्गत ग्राम झडामली ऐल सिंह 26 वर्ष के घर रविवार को काली बाई पति इंदर सिंह व नसरू पिता इंदर सिंह आए हुए थे। जिसके चलते गांव में पांच लीटर ताड़ी लाई गई थी। सभी लोगों ने एक साथ बैठकर ताड़ी का सेवन किया। जिसके बाद सभी की हालत बिगड़ने लगी। ताड़ी पीने के दौरान घर पर ही नसरू की मौत हो गई। ऐल सिंह का कहना है कि घर में मेहमान आने के कारण गांव से ही ताड़ी लेकर आए थे। जिसके तीन गिलास पीने के बाद अचानक तबियत बिगड़ने लगी। जिसके बाद सभी लोग घर पर लेट गए। तबियत में सुधार न होते देख गांव वालों की मदद से उन्हें उपचार के लिए टांडा व बोरी अस्पताल पहुंचाया गया।

इनकी हुई मौत

इस संबंध में बोरी स्वास्थ्य केन्द्र के डॉक्टर ने बताया कि ताड़ी पीने से गदिया पिता मांगतिया चौहान उम्र 55 वर्ष की हालत बिगड़ती देखे उसको झाबुआ अस्पताल के लिए रेफर किया गया था। जहां पर रविवार रात उसकी मौत हो गई। जबकि धार जिले में दो अन्य मौतें हुई हैं। जिनके नाम नसरू पिता अमर सिंह और काली बाई बताए गए हैं। वहीं 9 लोगों को बोरी स्वास्थ्य केन्द्र व दो बच्चों समेत 4 लोगों को धार अस्पताल भेजा गया है। जहां पर उनका उपचार चल रहा है।

इनका कहना है

धार पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह के मुताबिक ताड़ी पीने से तीन लोगों की मौत हुई है। जबकि 13 लोग बीमार हैं। फिलहाल ऐसा माना जा रहा है कि अधिक मात्रा में ताड़ी के सेवन से इनकी मौत हुई है। वहीं बोरी स्वास्थ्य केन्द्र के डॉ. अमित दलाल का कहना है कि ताड़ी में कीटनाशक मिलने होने की आशंका है। मामले की जांच की जा रही है।

Next Story