मध्यप्रदेश

एमपी के सिंगरौली में खोले जाएंगे दस नवीन संजीवनी क्लीनिक, सामान्य बीमारियों का होगा उपचार

Sanjay Patel
24 March 2023 9:56 AM GMT
एमपी के सिंगरौली में खोले जाएंगे दस नवीन संजीवनी क्लीनिक, सामान्य बीमारियों का होगा उपचार
x
MP News: लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें इसके लिए एमपी सिंगरौली के शहरी क्षेत्र में संजीवनी क्लिनिक में इलाज देने की तैयारी की जा रही है।

लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें इसके लिए एमपी सिंगरौली के शहरी क्षेत्र में संजीवनी क्लिनिक में इलाज देने की तैयारी की जा रही है। दस संजीवनी क्लिनिक का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। जिनके तैयार होते ही मरीजों को सामान्य इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। उन्हें यहीं पर बेहतर उपचार सेवाएं मुहैया कराई जाएंगी। अभी मरीजों को सामान्य उपचार के लिए भी जिला अस्पताल की दौड़ लगानी पड़ती है।

दो का निर्माण कार्य पूर्ण

स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि संजीवनी क्लिनिक में छह स्टाफ नियुक्ति किए जाएंगे। गांव सहित आसपास के लोगों को सामान्य इलाज कराने के लिए एक अच्छा विकल्प तैयार किया जा रहा है। बताया गया है कि संजीवनी क्लिक का निर्माण दस गांवों में कराया जा रहा है। नगर निगम की ओर से कराए जाने वाले इस निर्माण को मार्च माह तक पूरा किया जाना था। किंतु अभी केवल दो क्लिनिक का ही निर्माण पूरा हो सका है जबकि अन्य का कार्य अधूरा है।

संजीवनी क्लिनिक में यह रहेगा स्टाफ

संजीवनी क्लिनिक का निर्माण पूरा होते ही इनमें स्टाफ की पदस्थापना की जाएगी। जिसमें एक मेडिकल ऑफिसर, स्टाफ नर्स, एक फार्मासिस्ट, एक डाटा इंट्री ऑपरेटर के साथ ही दो सपोर्ट स्टाफ रहेंगे। जिससे सामान्य बीमारियों के उपचार के लिए लोगों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। यहां पर सर्दी, खांसी और सामान्य बुखार का इलाज मुहैया हो जाएगा। जिससे अस्पतालों में बढ़ रही मरीजों की संख्या में भी कमी आएगी।

इन वार्डों में हो रहा निर्माण

सिंगरौली नगर निगम के वार्डों में संजीवनी क्लिनिक का निर्माण कार्य चल रहा है। जिसमें रेलवे स्टेशन मोरवा, जगमोरवा हिर्रवाह, हर्रई पश्चिम तेलगवां, अमलोरी बस्ती, नंदगांव ढोंटी आदि वार्ड शामिल हैं। अभी तक संजीवनी क्लिनिक केवल जैतपुर में संचालित था। जहां पर सामान्य बीमारियों से ग्रसित मरीजों का उपचार किया जा रहा है। नए खुलने वाले संजीवनी क्लिनिक में स्टाफ की नियुक्ति भोपाल से की जाएगी। शहरी क्षेत्र के गांवों में इन क्लिनिकों के संचालन से मरीजों को काफी सुविधाएं मिलेंगी।

इनका कहना है

इस संबंध में सीएमएचओ सिंगरौली एनके जैन के मुताबिक संजीवनी क्लिनिक का निर्माण पूरा होते ही सर्दी-जुकाम और बुखार जैसी सामान्य बीमारियों से पीड़ितों का इलाज यहीं पर हो सकेगा। मरीजों को पास में ही बेहतर सुविधा मुहैया कराई जाएगी। जिससे जिला अस्पताल में मरीजों का दबाव कम होने के साथ ही चिकित्सीय स्टाफ को भी राहत मिलेगी।

Next Story