मध्यप्रदेश

एमपी में अब परमवीर चक्र व अशोक चक्र शौर्य अलंकरण प्राप्त सैनिकों को मिलेंगे ₹10000000

Sanjay Patel
31 March 2023 10:52 AM GMT
एमपी में अब परमवीर चक्र व अशोक चक्र शौर्य अलंकरण प्राप्त सैनिकों को मिलेंगे ₹10000000
x
MP News: मध्यप्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के शौर्य अलंकरण प्राप्तकर्ताओं को नकद व भूमि के बदले में दी जाने वाली राशि में बढ़ोत्तरी की गई है। परमवीर चक्र और अशोक चक्र प्राप्त करने वाले सैनिकों को अब एक करोड़ रुपए की राशि प्रदान की जाएगी।

मध्यप्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के शौर्य अलंकरण प्राप्तकर्ताओं को नकद व भूमि के बदले में दी जाने वाली राशि में बढ़ोत्तरी की गई है। परमवीर चक्र और अशोक चक्र प्राप्त करने वाले सैनिकों को अब एक करोड़ रुपए की राशि प्रदान की जाएगी। अब तक 20 लाख रुपए का ही प्रावधान था। जिसको बढ़ाए जाने की मांग लम्बे समय से उठाई जा रही थी।

बच्चे नाबालिग हैं तो सावधि खाते में जमा होगी राशि

मरणोपरांत शौर्य अलंकरण प्राप्तकर्ता के अविवाहित होने की स्थिति में सम्पूर्ण राशि माता-पिता को प्रदान की जाएगी। जबकि माता-पिता के जीवित नहीं होने की दशा में अनुदान की राशि अविवाहित भाई-बहन को बराबर-बराबर दी जाएगी। विवाहित होने की स्थिति में विधवा को 35 प्रतिशत राशि प्रदान की जाएगी। जबकि 35 प्रतिशत राशि बच्चों और 30 प्रतिशत राशि माता-पिता को दी जाएगी। माता-पिता के जीवित नहीं होने की सूरत में विधवा और बच्चों में राशि का बराबर-बराबर वितरण किया जाएगा। बच्चे नहीं होने की दशा में विधवा और माता-पिता में बराबर राशि वितरण होगा। जबकि तीनों में किसी एक के जीवित होने की स्थिति में उसे सम्पूर्ण राशि प्रदान की जाएगी। इस दौरान यदि बच्चे नाबालिग हैं तो अनुदान राशि को बालिग होने तक सावधि खाते में जमा कर दिया जाएगा।

शौर्य अलंकरण के तहत मिलने वाली राशि

शौर्य अलंकरण के तहत परमवीर और अशोक चक्र प्राप्त करने वाले सैनिकों को सरकार द्वारा पूर्व में 20 लाख रुपए दिए जाते हैं जिसको बढ़ाकर अब 1 करोड़ रुपए कर दिया गया है। जबकि महावीर और कीर्ति चक्र में पूर्व में 12 लाख दिए जाते थे जिसे बढ़ाकर 75 लाख रुपए कर दिया गया है। वहीं वीर व शौर्य चक्र के तहत पूर्व में दिए जाने वाले 8 लाख रुपए को बढ़ाकर अब 50 लाख रुपए कर दिया गया है।

युद्ध सेवा मेडल व विशिष्ट सेवा श्रेणी की राशि

सर्वोत्तम युद्ध सेवा के तहत पूर्व में 1.45 लाख रुपए दिए जाते थे जिसमें अब 10 लाख रुपए कर दिया गया है। उत्तम युद्ध सेवा के लिए पूर्व में 1.40 लाख को अब 7 लाख रुपए, युद्ध सेवा मेडल पूर्व में 80 हजार रुपए को अब 5 लाख, परम विशिष्ट सेवा मेडल को 5 लाख, अति विशिष्ट सेवा मेडल को अब 2.50 लाख रुपए, सेना मेडल को पूर्व में 50 हजार की जगह अब 2 लाख, विशिष्ट सेवा मेडल में अब 1 लाख रुपए की राशि प्रदान की जाएगी।

Next Story