मध्यप्रदेश

Vande Bharat: एमपी में जल्द चल सकती है दूसरी वंदे भारत, अधिकारियों के निरीक्षण के बाद कवायद हुई तेज

Sanjay Patel
10 April 2023 6:31 AM GMT
Vande Bharat: एमपी में जल्द चल सकती है दूसरी वंदे भारत, अधिकारियों के निरीक्षण के बाद कवायद हुई तेज
x
MP News: मध्यप्रदेश से दूसरी वंदे भारत ट्रेन जल्द चलने की संभावना है। अधिकारियों के निरीक्षण के बाद इसकी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

मध्यप्रदेश से दूसरी वंदे भारत ट्रेन जल्द चलने की संभावना है। अधिकारियों के निरीक्षण के बाद इसकी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। एमपी को पहली वंदे भारत ट्रेन मिल चुकी है। गत दिनों इसका संचालन भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन से दिल्ली के लिए प्रारंभ किया गया है। ऐसी संभावना जताई गई है कि अगले महीने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रदेश की दूसरी हाईस्पीड ट्रेन का उद्घाटन कर सकते हैं।

एमपी के इंदौर से दौड़ेगी वंदे भारत

प्रदेश की दूसरी वंदे भारत ट्रेन का इंतजार जल्द समाप्त हो सकता है। इंदौर से जबलपुर और इंदौर से जयपुर के बीच वंदे भारत ट्रेन चलाया जाना प्रस्तावित है। जिसका उद्घाटन जल्द करने की संभावना है। गत दिनों जबलपुर रेल मंडल के अधिकारियों ने जबलपुर स्टेशन का दौरा कर निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। रेलवे बोर्ड से पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मुख्यालय को मिले इशारे के बाद एक बार फिर जबलपुर-इंदौर वंदे भारत को चलाने की तैयारियां तेज हो गई हैं।

जल्द मिल सकता है रैक

वंदे भारत ट्रेन का रैक पश्चिम मध्य रेलवे को इसी माह के अंत तक या मई के प्रारंभ में ही मिलने की संभावना है। जिसके बाद इंदौर तक ट्रेन का ट्रायल लेकर तकनीकी पहलुओं की जांच की जाएगी। हालांकि इंदौर के अधिकारियों द्वारा इसकी तैयारी पूरी होने की बात कही गई है। अधिकारियों की मानें तो जैसे ही वंदे भारत की रैक मिलेगी उसका संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा।

तकनीकी पहलुओं का हो रहा अध्ययन

गत दिनों जबलपुर रेल मंडल के अधिकारियों ने जबलपुर स्टेशन का दौरा कर निरीक्षण किया। डीआरएम विवेक शील के अलावा मंडल के ऑपरेटिंग, इंजीनियरिंग, मैकेनिकल, कामर्शियल विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों द्वारा तकनीकी पहलुओं का अध्ययन कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि ट्रेन को किस प्लेटफार्म से संचालित किया जाएगा। यहां उल्लेखनीय है कि इंदौर में अधिकारी काफी समय पूर्व से ही वंदे भारत ट्रेन के संचालन की तैयारी में जुटे हुए हैं।

इनका कहना है

इस संबंध में पश्चिम रेलवे के रतलाम रेल मंडल के पीआरओ खेमराज मीणा के मुताबिक इंदौर से दो वंदे भारत ट्रेन संचालन का प्रस्ताव है। एक वंदे भारत इंदौर से जबलपुर और दूसरी इंदौर से जयपुर के लिए है। यह सीटिंग ट्रेन है, जिसमें सुविधाओं को एक तरह से अपग्रेड किया गया है। जल्द ही ट्रेन के इंदौर से संचालित होने की संभावना है।

Next Story