मध्यप्रदेश

रीवा के शिक्षा विभाग में 2 करोड़ से अधिक का घोटाला, जेडी 17 लोगों पर FIR दर्ज करने सूची पुलिस को सौंपी

Sanjay Patel
31 March 2023 10:50 AM GMT
रीवा के शिक्षा विभाग में 2 करोड़ से अधिक का घोटाला, जेडी 17 लोगों पर FIR दर्ज करने सूची पुलिस को सौंपी
x
Rewa News: एमपी रीवा जिले के शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार का बोलवाला है। विद्यालयों में अनुदान और सामग्री के नाम पर 2 करोड़ 91 लाख रुपए का घोटाला प्रकाश में आया था।

Rewa MP News: एमपी रीवा जिले के शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार का बोलवाला है। विद्यालयों में अनुदान और सामग्री के नाम पर 2 करोड़ 91 लाख रुपए का घोटाला प्रकाश में आया था। जिसमें दो तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी सहित पूर्व से लेकर वर्तमान प्राचार्य तक शामिल हैं। इन पर एफआईआर दर्ज करने संबंधी सूची पुलिस को सौंप दी गई है। आयुक्त लोक शिक्षण मध्यप्रदेश के आदेश बाद संयुक्त संचालक लोक शिक्षण रीवा संभाग ने यह सूची पुलिस के सुपुर्द की। इस सूची को पुलिस को सौंपे जाने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कम्प की स्थिति निर्मित हो गई है।

पहली ऑडिट में 70 लाख उजागर हुई थी अनियमितता

रीवा जिले के शिक्षा विभाग में अनुदान और सामग्री के नाम पर जमकर अनियमितता की गई। शिक्षा विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा अंजाम दिए गए इस घोटाले की परत-दर-परत अनियमितता उजागर चली गई। बताया गया है कि वर्ष 2019 में शिक्षा विभाग के ऑडिट में 70 लाख 67 हजार की अनियमितता प्रकाश में आई थी। मामले की जांच के बाद तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी आरएन पटेल ने लेखापाल अशोक शर्मा, लिपिक अखिलेश तिवारी और अध्यापक विजय तिवारी सहित अन्य कर्मचारियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया था।

दूसरी जांच में 2 करोड़ से अधिक पहुंची राशि

शिक्षा विभाग में अधिकारियों, कर्मचारियों जमकर भ्रष्टाचार के खेल को अंजाम दिया गया। सूत्रों की मानें तो इस कारनामे में तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी से लेकर प्राचार्य और पूर्व प्राचार्य से लेकर लेखापाल और लिपिक तक शामिल हैं। अनुदान और सामग्री के नाम पर हुए घोटाले की जब दोबारा जांच कराई गई तो यह राशि बढ़कर 2 करोड़ 91 लाख रुपए तक पहुंच गई। इस घोटाले में शामिल 17 वर्तमान एवं पूर्व प्राचार्य सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर के आदेश संयुक्त संचालक लोक शिक्षण रीवा संभाग को आयुक्त लोक शिक्षण मध्यप्रदेश द्वारा दिए गए। जिसके बाद शिक्षा विभाग के घोटाले में शामिल घोटालेबाजों की सूची पुलिस को सौंप दी गई है।

इनका कहना है

इस संबंध में टीआई हितेन्द्रनाथ शर्मा का कहना है कि 17 लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने संबंधी सूची पुलिस को सौंपी गई है। संयुक्त संचालक लोक शिक्षण रीवा संभाग द्वारा सौंपी गई इस सूची की जांच की जाएगी। जांच के बाद ही एफआईआर दर्ज की जाएगी।

Next Story