मध्यप्रदेश

एमपी में सरपंच को गोलियों से भूना, परिजनों ने आरोपियों के घर में लगा दी आग

Sanjay Patel
9 Oct 2023 8:17 AM GMT
एमपी में सरपंच को गोलियों से भूना, परिजनों ने आरोपियों के घर में लगा दी आग
x
MP News: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में बड़ी घटना प्रकाश में आई है। यहां कांतिनगर इलाके में बन्हेरी गांव के सरपंच को कुछ बदमाशों ने गोलियों से भून दिया। यह घटना आज सुबह घटित हुई।

मध्यप्रदेश के ग्वालियर में बड़ी घटना प्रकाश में आई है। यहां कांतिनगर इलाके में बन्हेरी गांव के सरपंच को कुछ बदमाशों ने गोलियों से भून दिया। यह घटना आज सुबह घटित हुई। जिसके बाद आक्रोशित परिजन बदमाशों के घर पहुंचे और उनके घर में आग लगा दी। इसके साथ ही फायरिंग भी की। यह मंजर देख ग्रामीण सहमे रहे।

कार में सवार सरपंच पर बरसाई ताबड़तोड़ गोलियां

ग्वालियर के आरोन स्थित बन्हेरी गांव में यह घटना घटित हुई। सरपंच अपनी कार में सवार थे। जबकि शूटर बाइक पर सवार होकर आए थे। जिसमें दो शूटर सवार थे। इनके द्वारा ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गईं। दिनदहाड़े बीच सड़क में सरपंच पर गोलियां चलाए जाने से गांव में सनाका खिंच गया। जैसे ही सरपंच विक्रम रावत के परिजनों को इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने आरोपियों के घर में आग लगा दी। इसके साथ ही फायरिंग करना भी प्रारंभ कर दी। इस दौरान ग्रामीणों में भय व दहशत का वातावरण निर्मित रहा।

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी तब जाकर मौके पर पुलिस पहुंची। ग्रामीणों के आक्रोश के चलते पुलिस गांव में नहीं घुस पा रही थी। काफी मशक्कत के बाद पुलिस गांव में पहुंच सकी। बताया गया है कि बन्हेरी से सरपंच विक्रम रावत ने ग्वालियर के कांति नगर में मकान बनाया हुआ हैं वह सोमवार की सुबह अपनी कार से निकल रहे थे तभी बाइक सवार शूटरों द्वारा उन पर गोलियां बरसा दी गईं। बदमाशों ने गोलियों से भूनकर उनकी हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस घटना से लोग दहशत में आ गए। इस मामले में बन्हेरी के जिन लोगों का नाम सामने आया है, उनके परिवार से लंबे समय से विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते डेढ़ साल पूर्व भी हत्या की घटना हुई थी। पुलिस द्वारा मामले की छानबीन की जा रही है।

Next Story