मध्यप्रदेश

एमपी में शादीशुदा लिव-इन-पार्टनर और बच्चों के शव मिलने से हड़कम्प, मामले की जांच में जुटी पुलिस

Sanjay Patel
21 Sep 2023 9:59 AM GMT
एमपी में शादीशुदा लिव-इन-पार्टनर और बच्चों के शव मिलने से हड़कम्प, मामले की जांच में जुटी पुलिस
x
MP News: मध्यप्रदेश के उज्जैन में एक मकान से चार लोगों के शव मिलने से हड़कम्प मच गया। बताया गया है कि शादीशुदा लिव-इन-पार्टनर में रह रहे थे। महिला के दो बच्चे थे, जिसमें एक पुत्र और एक पुत्री शामिल है।

मध्यप्रदेश के उज्जैन में एक मकान से चार लोगों के शव मिलने से हड़कम्प मच गया। बताया गया है कि शादीशुदा लिव-इन-पार्टनर में रह रहे थे। महिला के दो बच्चे थे, जिसमें एक पुत्र और एक पुत्री शामिल है। जो युवक के साथ पिछले पांच वर्षों से लिव-इन में रह रहे थे। चारों का शव मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।

किराए के मकान में रहता था परिवार

मामला उज्जैन के जानकी नगर का है। इस संबंध में एसपी सचिन शर्मा के मुताबिक परिवार किराए से रहता था। शव मनोज राठौर, उसकी लिव-इन-पार्टन ममता, ममता के बेटे लक्की और बेटी के हैं। ममता के दोनों बच्चे उसके पहले पति के थे। ममता से युवक मनोज ने दूसरी शादी नहीं की थी। दोनों 5 सालों से लिव-इन में रह रहे थे। एसपी के मुताबिक परिवार मंदिर के पास फूल सामग्री की रेहड़ी लगाता था। जयसिंहपुरा से तीन महीने पहले यह परिवार यहां शिफ्ट हुआ था।

तीन लोगों के मुंह से निकल रहा था झाग

पुलिस का कहना है कि इसकी सूचना मकान मालिक आसाराम द्वारा दी गई थी। जबल पुलिस पहुंची तो कमरे के अंदर मनोज राठौर फांसी के फंदे पर लटका मिला। जबकि तीन लोगों को मुंह से झाग निकल रहा था। जिनमें ममता और दो बच्चे शामिल हैं। जिसकी जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी की टीम को मौके पर बुलाया गया। बताया गया है कि ममता पांच साल से मनोज राठौर के साथ लिव-इन में रह रही थी।

पति से विवाद के बाद मनोज के साथ रहने लगी थी ममता

पुलिस को ममता की मौसम सुमित्रा शिंदे ने बताया कि मृतक मनोज राठौर के दोनों बच्चे नहीं हैं। दोनों बच्चे ममता के पहले पति के हैं। पति से विवाद होने के बाद ममता मनोज के साथ रहने लगी थी। दोनांे के घर आमने-सामने था, ऐसे में दोनों के बीच दोस्ती हो गई और पांच वर्ष पूर्व संपर्क में आए और एक साथ रहने लगे। बताया गया है कि मनोज लगातार कर्ज भी ले रहा था जिस पर परिजनों ने उसे समझाइश भी दी थी।

दोनों की पहले हो चुकी थी शादी

पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि दोनों की शादी पहले हो चुकी थी। जिसके बाद यह अपने पति और पत्नी को छोड़कर एक-दूसरे के साथ लिव-इन में रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक ममता की शादी नागदा में 15 साल पहले हुई थी। पति के मारपीट करने के कारण ममता उसे छोड़कर उज्जैन आ गई। जबकि मनोज की शादी 2017 में हुई थी। उसकी पत्नी मानसिक रूप से बीमार रहती थी। जिसके चलते उसने उसे छोड दिया। उज्जैन में ममता मनोज के घर के सामने ही रहने लगी थी। दोनों के बीच पांच वर्ष पूर्व दोस्ती हुई और वह ममता अपने बच्चों को साथ लेकर मनोज के साथ रहने लगी। चारों का कमरे में शव मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Next Story