मध्यप्रदेश

एमपी के नर्मदापुरम में बाघ ने महिला को बनाया शिकार, पैर का हिस्सा छोड़ खा गया धड़

Sanjay Patel
3 Jun 2023 8:47 AM GMT
एमपी के नर्मदापुरम में बाघ ने महिला को बनाया शिकार, पैर का हिस्सा छोड़ खा गया धड़
x
MP News: एमपी के नर्मदापुरम में बाघ ने महिला को अपना शिकार बना लिया। बाघ महिला को घसीटकर गुफा में ले गया जहां समूचे धड़ को उसने खा लिया।

एमपी के नर्मदापुरम में बाघ ने महिला को अपना शिकार बना लिया। बाघ महिला को घसीटकर गुफा में ले गया जहां समूचे धड़ को उसने खा लिया। केवल पैर का हिस्सा बचा जिसके माध्यम से महिला की शिनाख्त की गई। इस घटना के बाद से समूचे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस और वन विभाग की टीम ने बचा हुआ हिस्सा बरामद कर अस्पताल पहुंचाया।

कपड़े व पायल से हुई पहचान

नर्मदापुरम में बाघ ने एक महिला पर हमला कर दिया। उसे घसीटते हुए गुफा में ले गया। जहां पूरा धड़ खाने के बाद पैर के हिस्से को छोड़ दिया। परिजनों के मुताबिक महिला मानसिक रूप से कमजोर थी। परिजनों ने बाल, कपड़े और पायल से उसकी पहचान की। शव के बचे हुए हिस्से को बरामद कर पुलिस और वन विभाग की टीम ने उसे अस्पताल पहुंचाया। एसडीओ फॉरेस्ट के मुताबिक परिजनों को तत्काल 10 हजार रुपए बतौर मुआवजा दिया गया है। शासन की योजना के तहत आइ लाख की सहायता राशि स्वीकृत होगी।

गुरुवार से लापता थी महिला

बताया गया है कि महिला गुरुवार से लापता थी। देवक सिंह ठाकुर निवासी ग्राम धार गांव ने उसकी मां रसी बाई उम्र 55 वर्ष के गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाई गई थी। शुक्रवार शाम तकरीबन 5 बजे फॉरेस्ट रेंजर बीआर पदाम ने पिपरिया क्षेत्र के धार गांव मोहरीकला के जंगल में पहाड़ी गुफा में एक महिला के शव मिलने की सूचना दी थी। मौके पर फॉरेस्ट और पुलिस ने पहुंचकर जानी की तो यह गुमशुदा महिला निकली। घटनास्थल के आसपास बाघ के पगमार्क भी पाए गए हैं। बाघ ने महिला ऊपरी हिस्सा पूरी तरह से खा लिया था। परिजनों ने बचे हुए हिस्से के माध्यम से उसकी पहचान की।

बाघ के हमले से दूसरी महिला की मौत

बाघ के हमले से जिले में यह दूसरी मौत की घटना है। इसके पूर्व नर्मदापुरम में ही मटकुली गोगांव की रहने वाली महिला पर भी बाघ ने हमला किया था। आदमखोर बाघ महिला को खा गया था। तब आदिवासी समुदाय द्वारा काफी बवाल मचाया गया था। इस दौरान वन चौकी में आगजनी की घटना को भी अंजाम दिया गया था। बड़ी मुश्किल से स्थिति नियंत्रित हो पाई थी। एक बार पुनः बाघ के महिला का शिकार किए जाने से इलाके में भय व दहशत का वातावरण निर्मित हो गया है।

Next Story