मध्यप्रदेश

MP Monsoon Update: सितंबर की शुरुआत में होगी जोरदार बारिश, भोपाल-ग्वालियर समेत कई हिस्से भीगेंगे; कल पूर्वी हिस्से भीगेंगे

Aaryan Puneet Dwivedi
29 Aug 2024 9:09 AM IST
MP Monsoon Update: सितंबर की शुरुआत में होगी जोरदार बारिश, भोपाल-ग्वालियर समेत कई हिस्से भीगेंगे; कल पूर्वी हिस्से भीगेंगे
x
मध्य प्रदेश में सितंबर माह की शुरुआत से भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। वर्तमान में राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश हो रही है, जबकि अन्य हिस्सों में धूप खिल रही है।

MP Monsoon Update: मध्यप्रदेश में मानसून की सक्रियता अभी भी जारी है। प्रदेश में अब तक 33.6 इंच बारिश हो चुकी है, जो इस सीजन की 90% है। बस 3.7 इंच पानी और गिरने की देरी है, जिससे सामान्य बारिश का आंकड़ा भी पार हो जाएगा। मंडला और सिवनी जिलों में अब तक 45 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है, जबकि दतिया, रीवा, धार, मुरैना और इंदौर में अब तक सबसे कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश में तेज बारिश का अलर्ट नहीं है, लेकिन सितंबर की शुरुआत में तेज बारिश होने की संभावना है।

आईएमडी भोपाल के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि 29 अगस्त को बंगाल की खाड़ी में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम सक्रिय हो रहा है। इसके चलते 29-30 अगस्त से लो प्रेशर एरिया भी सक्रिय हो जाएगा, जिसका असर 2 दिन बाद यानी 3 से 4 सितंबर के बीच प्रदेश में देखा जा सकता है। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश की संभावना है।

वर्तमान में मानसून ट्रफ और अन्य सिस्टम प्रदेश से दूर हैं, जिसके कारण अगले 24 घंटों में प्रदेश में बारिश की विशेष गतिविधि नहीं रहेगी। हालांकि, कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

बुधवार को प्रदेश में मौसम के दो रूप देखने को मिले। कहीं तेज धूप निकली, तो कहीं बारिश हुई। उमरिया में 1 इंच बारिश दर्ज की गई, जबकि धार, खंडवा, खरगोन और उज्जैन में हल्की बारिश हुई। दूसरी ओर, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर जैसे जिलों में तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई। भोपाल में पारा 1.7 डिग्री बढ़कर 31.6 डिग्री पर पहुंच गया। इसी तरह, इंदौर में 28.2 डिग्री, ग्वालियर में 32.9 डिग्री, उज्जैन में 29.8 डिग्री और जबलपुर में 31.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। नरसिंहपुर में 35 डिग्री, रीवा में 35.4 डिग्री और उमरिया में 34.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को भी प्रदेश में दोहरे मौसम की स्थिति बनी रहेगी। इंदौर, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, धार, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ और निवाड़ी में मौसम साफ रहेगा, जबकि भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर समेत अन्य जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी।

Aaryan Puneet Dwivedi

Aaryan Puneet Dwivedi

Aaryan Puneet Dwivedi is a senior editor and an experienced journalist who has been active in the news industry since 2013. He has extensive experience covering and editing news across multiple fields, including politics, national and international affairs, sports, technology, business, and social issues. He is a state-level accredited journalist recognized by the Madhya Pradesh government. Known for his in-depth understanding of news and current affairs, he focuses on delivering accurate, reliable, and reader-friendly information across all major news categories.

Next Story