मध्यप्रदेश

एमपी में जादू-टोने के शक में बुजुर्ग महिला की हत्या कर शव को जंगल में गाड़ दिया

Sanjay Patel
12 Oct 2023 7:28 AM GMT
एमपी में जादू-टोने के शक में बुजुर्ग महिला की हत्या कर शव को जंगल में गाड़ दिया
x
MP News: मध्यप्रदेश के आलीराजपुर जिले में बुजुर्ग महिला की हत्या कर उसके शव को जंगल में गाड़ दिया गया। आरोपी युवक को इस बात का शक था कि महिला जादू-टोना करती है।

मध्यप्रदेश के आलीराजपुर जिले में बुजुर्ग महिला की हत्या कर उसके शव को जंगल में गाड़ दिया गया। आरोपी युवक को इस बात का शक था कि महिला जादू-टोना करती है। उसकी पत्नी और बेटी की मौत के लिए भी वही जिम्मेदार है। ऐसे में आरोपी ने महिला को मौत के घाट उतार दिया। जब काफी दिनों तक महिला का पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस की शरण ली।

क्या है मामला

मामला आलीराजपुर जिले के कट्ठीवाड़ा थाना क्षे़त्र का है। दुलीबेन उम्र 62 वर्ष नामक महिला पनियाला गांव से अपने मायके घूट गांव आई हुई थी। गत 23 सितम्बर को वह अचानक लापता हो गई। जब काफी दिनों तक उसका पता नहीं चला तो परिजन पुलिस के पास पहुंचे। जांच के दौरान पुलिस को घटना का चश्मदीद मिला। जिसने पुलिस को बताया कि गांव के ही एक शख्स ने महिला की गला घोटकर हत्या की है। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

बच्ची व पत्नी की हो गई थी मौत

पुलिस के मुताबिक 3 अक्टूबर को कट्ठीवाड़ा थाने में महिला की गुमशुदगी दर्ज करवाई गई। जिसके बाद घटना के चश्मदीद ने पुलिस को बताया कि घूट गांव के ही रहने वाले नासिर पुत्र सूर्या 29 वर्ष ने दुलीबाई का गला घोट दिया है। जिसके बाद पुलिस ने नासिर को धर दबोचा। पुलिस की पूछताछ में नासिर ने बताया कि उसकी पत्नी ने 22 सितम्बर को जुड़वा बच्चों को जन्म दिया था। जिसमें एक लड़का व एक लड़की थी। डिलीवरी के तुरंत बाद लड़की मौत हो गई थी। जबकि अगले दिन पत्नी की भी जान चली गई। नासिर को यह शक था कि दुलीबाई के जादू-टोना करने की वजह से यह घटना हुई। जिसके चलते उसने वृद्ध महिला को मौत के घाट उतार दिया और उसके शव को जंगल में गाड़ दिया।

इनका कहना है

इस संबंध में एसपी राजेश व्यास का कहना है कि वृद्ध महिला की जादू-टोने के शक में 23 सितम्बर को नासिर ने गला घोटकर हत्या कर दी थी। उसके शव को जंगल में गाड़ दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने जमीन से महिला का कंकाल बरामद कर लिया है। परिजनों ने कपड़ों के आधार पर उसकी शिनाख्तगी की है। पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Next Story