मध्यप्रदेश

एमपी के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने स्वास्थ्य विभाग के रिक्त पदों की पूर्ति प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए

Aaryan Puneet Dwivedi
17 Jan 2024 3:06 PM IST
एमपी के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने स्वास्थ्य विभाग के रिक्त पदों की पूर्ति प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए
x
एमपी के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा, "स्वास्थ्य विभाग का अमला पूरी आबादी से संबंधित है, नवीन स्वीकृत पदों की मांग शीघ्र प्रेषित करें।"

भोपाल। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने निर्देश दिये हैं कि स्वास्थ्य विभाग के स्वीकृत पदों में भर्ती प्रक्रिया (Recruitment process in approved posts of Health Department) पूर्ण करने के लिए आवश्यक औपचारिकताओं की अविलंब पूर्ति करें। स्वीकृत पद जिनके लिए मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा परीक्षा आयोजित की जा चुकी हैं। उनके अंतिम परिणाम जारी करने के संबंध में विभागीय सामंजस्य के विषयों को प्राथमिकता से निराकृत करें। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने आज मंत्रालय वल्लभ भवन में स्वास्थ्य विभाग के रिक्त पदों की पूर्ति के संबंध में बैठक ली।

स्वास्थ्य विभाग का अमला पूरी आबादी से संबंधित

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने निर्देश दिये कि स्वास्थ्य विभाग के रिक्त पदों की पूर्ति का कार्य कर्मचारी चयन मंडल प्राथमिकता के साथ करे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के पदों की पूर्ति सिर्फ़ आजीविका का माध्यम नहीं है। स्वास्थ्य अधिकारी, सहायक मेडिकल स्टाफ़ संपूर्ण स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए अहम हैं, प्रदेश की पूरी आबादी से संबंधित हैं। उन्होंने निर्देश दिये कि विभागीय सामंजस्य के विषयों में संबंधित अधिकारी प्राथमिकता से नियमित संपर्क करें। उप मुख्यमन्त्री ने एएनएम के 2576 पद, रेडियोग्राफ़र के 140 पद, लैब टेक्नीशियन के 265 पद और फार्मासिस्ट ग्रेड-2 के 472 पद कुल 3453 पद के परिणाम कर्मचारी चयन मंडल द्वारा शीघ्र जारी किए जाने के निर्देश दिये हैं।

नवीन स्वीकृत पदों की मांग शीघ्र प्रेषित करें

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने नवीन स्वीकृत पदों के संबंध में लोक सेवा आयोग एवं कर्मचारी चयन मंडल को शीघ्र मांग प्रेषित करने के निर्देश दिये ताकि भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण किया जा सके। उल्लेखनीय है कि बैकलॉग और नवीन स्वीकृत पद मिलाकर विशेषज्ञ के 441 पद, चिकित्सा अधिकारी के 470 पद और दंत चिकित्सक के 156 पदों पर भर्ती हेतु लोक सेवा आयोग को मांग प्रेषित की जानी है। उप मुख्यमंत्री ने एनएचएम द्वारा भर्ती किए जाने वाले स्वास्थ्य स्टाफ के पदों, नर्सिंग स्टाफ एवं पैरामेडिकल स्टाफ की भर्ती की नियुक्ति के संबंध में वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिये।

अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मो. सुलेमान, अपर मुख्य सचिव एवं अध्यक्ष मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल मलय श्रीवास्तव, आयुक्त स्वास्थ्य डॉ सुदाम खाड़े, मिशन संचालक एनएचएम श्रीमती प्रियंका दास, संचालक कर्मचारी चयन मंडल श्रीमती शणमुग प्रिया मिश्रा, संचालक स्वास्थ्य दिनेश श्रीवास्तव सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Aaryan Puneet Dwivedi

Aaryan Puneet Dwivedi

Aaryan Puneet Dwivedi is a senior editor and an experienced journalist who has been active in the news industry since 2013. He has extensive experience covering and editing news across multiple fields, including politics, national and international affairs, sports, technology, business, and social issues. He is a state-level accredited journalist recognized by the Madhya Pradesh government. Known for his in-depth understanding of news and current affairs, he focuses on delivering accurate, reliable, and reader-friendly information across all major news categories.

Next Story