मध्यप्रदेश

MP Board Exam New Pattern: एमपी बोर्ड परीक्षा में वस्तुनिष्ठ की जगह शामिल होंगे लघु उत्तरीय प्रश्न, माशिमं ने जारी किए निर्देश

Sanjay Patel
7 Aug 2023 11:38 AM GMT
MP Board Exam New Pattern: एमपी बोर्ड परीक्षा में वस्तुनिष्ठ की जगह शामिल होंगे लघु उत्तरीय प्रश्न, माशिमं ने जारी किए निर्देश
x
MP Board Exam New Pattern: माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल ने कक्षा दसवीं एवं बारहवीं की आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों में काफी बदलाव किया है। आगामी बोर्ड परीक्षाओं में वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के स्थान पर लघु उत्तरीय प्रश्नों को शामिल किया जाएगा।

MP Board Exam New Pattern: माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल ने कक्षा दसवीं एवं बारहवीं की आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों में काफी बदलाव किया है। अब विषयों का समूह बनाकर अंक योजना की तैयारी की जा रही है। वहीं आगामी बोर्ड परीक्षाओं में वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के स्थान पर लघु उत्तरीय प्रश्नों को शामिल किया जाएगा। इसको लेकर मंडल ने समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र लिखकर निर्देशित किया है।

नए पैटर्न के अनुसार बनेंगे प्रश्न पत्र

सत्र 2023-24 के लिए बोर्ड परीक्षाओं के पैटर्न में बदलाव की तैयारी माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा शुरू कर दी गई है। सूत्रों की मानें तो इसमें सबसे बड़ा बदलाव वस्तुनिष्ठ प्रश्नों को लेकर किया जा रहा है। बताया गया है कि अब तक बहुविकल्प वाले प्रश्न परीक्षाओं में पूछे जाते थे। लेकिन अब रिक्त स्थान, सत्य-असत्य और एक वाक्य वाले लघु उत्तरीय प्रश्नों को शामिल किया जाएगा। बताया गया है कि हो रहे बदलाव में 5 या 6 अंक के दीर्घ उत्तरीय प्रश्न शामिल नहीं होंगे। इनकी जगह 3 से 4 अंक वाले प्रश्न शामिल किए जाएंगे।

छात्रों को पढ़ना होगा सभी चेप्टर

माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विषयवार परीक्षा पैटर्न को तैयार कर अंक प्रणाली को स्पष्ट किया है। नए पैटर्न के आधार पर वर्ष 2023-24 की दसवीं व बारहवीं की परीक्षा के लिए प्रश्न पत्रों का निर्माण कराया जा रहा है। बता दें कि पिछले वर्ष विषयवार चेप्टरों के अनुसार अंक योजना निर्धारित की गई थी। जिसमें यह बता दिया जाता था कि विषय के कौन-कौन से चेप्टर में कितने अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे। इससे विद्यार्थी इतने ही चेप्टर पढ़ते थे लेकिन अब इसमें बदलाव किया जा रहा है। इस बार सभी विषयों में चेप्टरों का समूह बनाया गया है। इस समूह में से कितने अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे यह बताया गया है। अब विद्यार्थियों को सभी चेप्टरों को पढ़ना होगा और शिक्षक भी पूरे चेप्टर पढ़ाएंगे।

इस तरह होगा अंक निर्धारण

जानकारी के मुताबिक माध्यमिक शिक्षा मंडल कक्षा 10वीं के प्रत्येक विषय का प्रश्न पत्र 75 अंक का तैयार कर रहा है। इसमें वस्तुनिष्ठ प्रश्न 30 अंक, सही विकल्प 6 अंक, रिक्त स्थान 6 अंक, सत्य-असत्य 6 अंक, सही जोड़ी 6 अंक, एक वाक्य में उत्तर 6 अंक, 12 प्रश्न 2-2 अंक, 3 प्रश्न 3-3 अंक, 3 प्रश्न 4-4 अंक, इसके अतिरिक्त 25 अंक का प्रोजेक्ट वर्क रहेगा। वहीं कक्षा 12वीं के प्रेक्टिकल वाले विषय का प्रश्न पत्र 70 अंक का होगा। इसमें वस्तुनिष्ठ प्रश्न 28 अंक, सही विकल्प 6 अंक, रिक्त स्थान 6 अंक, सत्य-असत्य 5 अंक, सही जोड़ी 6 अंक, एक वाक्य में उत्तर 5 अंक, 7 प्रश्न 2-2 अंक, 4 प्रश्न 3-3 अंक, 4 प्रश्न 4-4 अंक का होगा। इसी तरह से 12वीं के सामान्य विषय का प्रश्न पत्र 80 अंक का होगा। इसमें वस्तुनिष्ठ प्रश्न 32 अंक, सही विकल्प के प्रश्न 6 अंक, रिक्त स्थान के 6 अंक, सत्य-असत्य के 6 अंक, सही जोड़ी के 7 अंक, 10 प्रश्न 2-2 अंक के एवं 4 प्रश्न 3-3 अंक तथा 4 प्रश्न 4-4 अंक के शामिल किए जाएंगे। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा शुरू की जा रही इस परीक्षा पैटर्न को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Next Story