
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- सांसद व भाजपा के पूर्व...
सांसद व भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह का निधन

भोपाल। खंडवा के सांसद एवं पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह का दिल्ली के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वह पिछले लगभग 1 महीने से दिल्ली के अस्पताल में भर्ती थे । बताया गया है कि 11 जनवरी को कोरोना पॉजिटिव होने के बाद भोपाल के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था । तबियत बिगड़ने पर उन्हें दिल्ली के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया गया था । जहां उन्होंने मंगलवार को तड़के अंतिम सांस ली। स्व. नंदकुमार सिंह चैहान का पार्थिव शरीर एयर एंबुलेंस से दोपहर खंडवा पहुंचेगा। उनका अंतिम संस्कार गृहग्राम शाहपुर जिला बुरहानपुर में होगा।
नंदकुमार सिंह का जन्म बुरहानपुर के शाहपुर में हुआ था। उनकी राजनीतिक शुरूआत नगर पालिका अध्यक्ष के तौर पर हुई थी। वे मध्यप्रदेश विधानसभा के बुरहानपुर से विधायक रहे। 1996 में 11वीं लोकसभा में भाजपा ने उन्हें खंडवा से प्रत्याशी बनाया जहां विजयी रहे। इसके बाद 12वीं, 13वीं एवं 14वीं लोकसभा के सदस्य रहे। नंदकुमार सिंह चैहान के निधन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान सहित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीवी शर्मा, संगठन मंत्री सुहास भगत, मप्र के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्र, भूपेंद्र सिंह सहित अन्य नेताओं ने गहरा दुख जताया है।




