मध्यप्रदेश

एमपी ने फिर बढ़ाया मान, सिंचाई क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला पुरस्कार, मुख्यमंत्री ने दी बधाई

Sanjay Patel
14 March 2023 3:31 PM GMT
एमपी ने फिर बढ़ाया मान, सिंचाई क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला पुरस्कार, मुख्यमंत्री ने दी बधाई
x
MP News: मध्यप्रदेश को सिंचाई क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए पुरस्कृत किया गया है जिससे एमपी का मान एक बार फिर से बढ़ा है।

मध्यप्रदेश को सिंचाई क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए पुरस्कृत किया गया है जिससे एमपी का मान एक बार फिर से बढ़ा है। एमपी को यह उपलब्धि हासिल होने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रसन्नता व्यक्त करते बधाई दी है। सीएम ने यह बधाई मंगलवार को विधानसभा समिति कक्ष में मंत्रि परिषद की बैठक प्रारंभ होने के पहले विभागीय अमले सहित जल संसाधन मंत्री को दी।

सिंचाई क्षेत्र में एमपी का प्रथम स्थान

मध्यप्रदेश ने सिंचाई के क्षेत्र में जल संसाधन के दक्षतम उपयोग में प्रथम स्थान अर्जित किया है। मध्यप्रदेश को यह अवार्ड 3 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केन्द्रीय मंत्री आरके सिंह द्वारा प्रदान किया गया। दरअसल सीबीआईपी अवार्ड के लिए मध्यप्रदेश की मोहनपुरा एवं कुण्डालिया परियोजना ने सफल क्रियान्वयन के आधार पर नामांकन दाखिल किया था। जिसमें सिंचाई के क्षेत्र में एमपी ने प्रथम स्थान हासिल किया। जिस पर केन्द्रीय मंत्री ने पुरस्कार प्रदान किया गया। केन्द्रीय सिंचाई एवं ऊर्जा ब्यूरो ने प्रदेश को सिंचाई क्षेत्र में हुए कार्यों के लिए एमपी को उत्कृष्ट राज्य चुना। मध्यप्रदेश को हासिल हुई इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और विभागीय अमले को बधाई दी।

एमपी की सिंचाई क्षेत्र में ऐसे बनी पहचान

मध्यप्रदेश में सिंचाई क्षेत्र के विस्तार के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगातार प्रयासरत रहे। उनके द्वारा निरंतर लिए गए निर्णय का ही परिणाम रहा कि प्रदेश में अनेक सिंचाई योजनाएं मंजूर हुईं और उनका क्रियान्वयन संभव हो सका। गत 15 वर्षों के दौरान एमपी के सिंचित क्षेत्र को 8 लाख हेक्टेयर से 45 लाख तक पहुंचाया गया। यह सीएम श्री चौहान के विजन एवं विशेष प्रयासों से का ही परिणाम है। मध्यप्रदेश में नवीन तकनीक का इस्तेमाल कर खेतों तक पानी प्रेशर पाईप प्रणाली के माध्यम से पहुंचाने का कार्य किया गया। पाईप लाइन प्रणाली से सिंचाई कर नहर प्रणाली की तुलना में समान जल में दोगुने से भी अधिक क्षेत्र में सिंचाई करने वाला जिला मध्यप्रदेश बना। सीएम के प्रयासों की परिणाम रहा कि एमपी को सिंचाई के क्षेत्र में यह उपलब्धि हासिल हो सकी।

Next Story