मध्यप्रदेश

MP: मंत्री बिसाहूलाल ने दिया विवादित बयान, कहा 'ठाकुर-ठकार की महिलाओं को बाहर निकालो'

Saroj Tiwari
26 Nov 2021 11:51 AM GMT
Minister Bisahulal
x
मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के मंत्री बिसाहूलाल के बिगड़े बोल।

अनूपपुर (Anuppur) मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री बिसाहूलाल सिंह (Minister Bisahulal Singh) द्वारा एक कार्यक्रम में दिये गये बयान का विरोध शुरू हो गया है। उनके बयान के विरोध में रीवा में नारे लगाकर पुतला दहन किया गया। बता दें कि महिलाओं के सम्मान समारोह में आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने कहा कि महिला और पुरुष दोनों को एक समान से काम करना चाहिए। महिलाओं को बाहर लाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि महिलाओं को बराबरी का दर्जा देना है तो पुरुषों के समान बाहर निकलकर कंधे से कंधा मिलाकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि ठाकुर ठकार की महिलाएं कोठरी में बंद रहती हैं उन्हें बाहर निकलने नहीं दिया जाता, ऐसे में बराबरी का दर्जा कैसे मिल पाएगा। इन महिलाओं को बाहर निकालना होगा। मंत्री बिसाहूलाल बुधवार को ग्राम फुनगा में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं को बाहर लाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हमारे ही गांव की महिलाएं सारा काम करती हैं।

बड़े घर की महिलाएं भी करें काम

कार्यक्रम के दौरान मंत्री सिंह रुके नहीं उनका यह भी कहना था कि समाज में समानता लाना है तो उच्च जाति की महिलाओं को पकड़ कर बाहर निकालो। गांव की महिलाएं धान काटती हैं गोबर लीपती है अन्य काम करती हैं यह बड़े घर की महिलाएं भी करें तभी सभी महिलाओं में समानता आएगी। हम यह केवल भाषण में बोले ही नहीं बल्कि अपने घर में भी अमल करेंए घर की महिलाओं को आगे बढ़ने दें। ग्राम फुनगा में सर्वजन सुखाय सामाजिक संस्था ने नारी सम्मान समारोह का आयोजन खेल स्टेडियम में किया गया था। जहां मुख्य अतिथि प्रदेश के खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री बिसाहूलाल सिंह थे।

हिन्दू क्षत्रीय वाहिनी ने फूंका मंत्री का पुतला

मंत्री बिसाहूलाल के बयान का विरोध शुरू हो गया है। रीवा के हिन्दू क्षत्रीय वाहिनी संगठन द्वारा पुतला दहन किया गया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष तरुणेन्द्र सिंह ने कहा कि बिसाहूलाल रीवा आए तो उन्हें मारकर भगाया जाएगा। इतना ही नहीं संगठन के लोगों ने मुख्यमंत्री के नाम कमिश्नर को ज्ञापन सौंपते हुए मंत्री को बर्खास्त किये जाने की मांग की। साथ ही कहा है कि मंत्री ने माफी नहीं मांगी तो जमकर विरोध किया जाएगा।

Next Story