मध्यप्रदेश

विंध्य की 30, भोपाल की 5 व इंदौर की तीन सीट पर चुनाव लड़ेगी मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी की 'VJP'

Aaryan Puneet Dwivedi
26 Oct 2023 12:11 PM IST
विंध्य की 30, भोपाल की 5 व इंदौर की तीन सीट पर चुनाव लड़ेगी मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी की VJP
x
विंध्य जनता पार्टी (VJP) को चुनाव लड़ने की मान्यता मिलने के बाद पार्टी के संयोजक मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी चुनावी तैयारी में जुट गए हैं।

विंध्य जनता पार्टी (VJP) को चुनाव लड़ने की मान्यता मिलने के बाद पार्टी के संयोजक मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी चुनावी तैयारी में जुट गए हैं। उन्होंने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी विंध्य की 30 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा भोपाल की पांच एवं इंदौर की तीन सीटों पर भी पार्टी के प्रत्याशी उतारे जाएंगे।

मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी ने कहा कि प्रत्याशी चयन का कार्य किया जा रहा है। 27 अक्टूबर को सूची जारी करेंगे। मैहर विधायक त्रिपाठी ने कहा कि उनकी पार्टी पूरी ताकत के साथ विंध्य में चुनाव लड़ेगी। विंध्य प्रदेश की मांग को दोहराते हुए कहा कि जो पार्टियां विंध्य प्रदेश गठन का विरोध कर रही हैं उन्हें यह विरोध इस चुनाव में महंगा पड़ेगा। मैहर को जिला बनाने मैंने अपनी राजनीति को दांव पर लगा दिया। अब विंध्य प्रदेश बनाना ही मेरा लक्ष्य है।

भाजपा-कांग्रेस दोनो से नहीं मिली टिकट

नारायण त्रिपाठी अपने बगावती तेवर के लिए जाने जाते हैं। 2015 में कांग्रेस से विधायक रहते हुए इस्तीफा देकर पहली बार भाजपा में आए थे। 2016 के उपचुनाव में वे भाजपा से विधायक बनें। 2018 में एक बार फिर भाजपा से निर्वाचित होकर विधानसभा पहुंचे। लेकिन 2018 में सत्ता में कांग्रेस सरकार आते ही उन्होने बगावती तेवर दिखाने शुरू कर दिए थे। हालांकि उन्होने अब तक भाजपा नहीं छोड़ा लेकिन भाजपा ने उन्हे जरूर छोड़ दिया और त्रिपाठी के स्थान पर श्रीकांत चतुर्वेदी को मैहर प्रत्याशी बनाया है।

कांग्रेस के प्रत्याशियों की लिस्ट में भी उनका नाम नहीं है, मैहर से कांग्रेस ने धर्मेश घई को उम्मीदवार बनाया है। इसके बाद नारायण ने अपनी पार्टी से चुनाव लड़ने का फैसला लिया। हालांकि उन्होने इसके संकेत पहले भी दे दिए थे। अब उनकी पार्टी विंध्य जनता पार्टी (VJP) को मान्यता मिल गई है, वे खुद मैहर से अपनी पार्टी से चुनाव लड़ेंगे। साथ ही 38 अन्य विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारने की घोषणा त्रिपाठी ने की है।

Aaryan Puneet Dwivedi

Aaryan Puneet Dwivedi

Aaryan Puneet Dwivedi is a senior editor and an experienced journalist who has been active in the news industry since 2013. He has extensive experience covering and editing news across multiple fields, including politics, national and international affairs, sports, technology, business, and social issues. He is a state-level accredited journalist recognized by the Madhya Pradesh government. Known for his in-depth understanding of news and current affairs, he focuses on delivering accurate, reliable, and reader-friendly information across all major news categories.

Next Story