मध्यप्रदेश

एमपी के बीना में महिलाओं से भरा लोडिंग वाहन पलटा, दो की मौत, ड्राइवर समेत 23 घायल

Sanjay Patel
27 May 2023 8:05 AM GMT
एमपी के बीना में महिलाओं से भरा लोडिंग वाहन पलटा, दो की मौत, ड्राइवर समेत 23 घायल
x
MP News: मध्यप्रदेश के बीना में एक लोडिंग वाहन पलट गया। लोडिंग वाहन में दो दर्जन महिलाएं सवार थीं। इस हादसे में दो महिलाओं ने अस्पताल में दम तोड़ दिया, वहीं ड्राइवर समेत 23 लोग घायल बताए गए हैं।

मध्यप्रदेश के बीना में एक लोडिंग वाहन पलट गया। लोडिंग वाहन में दो दर्जन महिलाएं सवार थीं। इस हादसे में दो महिलाओं ने अस्पताल में दम तोड़ दिया, वहीं ड्राइवर समेत 23 लोग घायल बताए गए हैं। हादसा शनिवार की सुबह 6.30 बजे घटित हुआ। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार की स्थिति निर्मित हो गई। आनन फानन में घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

तेंदूपत्ता तोड़ने जा रही थी महिलाएं

लोडिंग वाहन में सवार होकर महिलाएं जरुआखेड़ा के जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने के लिए जा रही थीं। जैसे ही वाहन बीना-सागर नेशनल हाइवे पर पहुंचा तीन पहिया वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। जबकि चालक समेत 23 लोग घायल हुए हैं। हादसा शनिवार सुबह साढ़े 6 बजे सागर जिले के खुरई के नरेन नदी के पास हुआ। हादसे में जिन महिलाओं की मौत हुई उनमें संध्या पति मुकेश अहिरवार 30 वर्ष निवासी खुरई और लाडली बाई पति ग्यारसे अहिरवार 50 वर्ष निवासी रेंगुआ शामिल हैं।

गंभीर महिलाओं को किया गया रेफर

तिपहिया लोडिंग वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। जिसकी वजह से वह अनियंत्रित होकर पलट गया। खुरई एसडीएम मनोज कुमार चौरसिया का कहना है कि गंभीर घायल 6 महिलाओं को सागर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। लोगों के कॉल करने पर मौके पर चार एम्बुलेंस पहुंची। जिसमें तीन एम्बुलेंस व एक जननी एक्सप्रेस शामिल हैं। जिनके द्वारा घायलों को खुरई सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से गंभीर महिलाओं को सागर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।

ट्रक से बचाने की कोशिश की तो पलट गया वाहन

लोडिंग वाहन के चलते आकाश पिता सुदामा विश्वकर्मा निवासी अब्दुल कलाम वार्ड के मुताबिक उसके वार्ड की कुछ महिलाओं ने जरुआखेड़ा के जंगल ले जाने के लिए कहा था। कुछ और महिलाएं रास्ते में सवार हो गईं। जिससे वाहन में संख्या बढ़ गई। नरेन नदी के समीप सामने से ट्रक आ रहा था जिससे बचाने के चक्कर में वाहन पलट गया। घायलों का कहना है कि वह रोजाना जरुआखेड़ा के जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने के लिए जाती हैं। आज सुबह भी वह इसी काम के लिए जा रही थीं और हादसे का शिकार हो गईं।

Next Story