मध्यप्रदेश

एमपी के सागर में मजदूरों से भरा लोडिंग वाहन पलटा, 20 घायल, 9 की हालत गंभीर

Sanjay Patel
25 March 2023 9:32 AM GMT
एमपी के सागर में मजदूरों से भरा लोडिंग वाहन पलटा, 20 घायल, 9 की हालत गंभीर
x
MP Sagar Accident News: मजदूरों को लेकर जा रहा एक लोडिंग वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में 20 यात्री घायल हुए हैं जिसमें 9 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मजदूरों को लेकर जा रहा एक लोडिंग वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में 20 यात्री घायल हुए हैं जिसमें 9 की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह हादसा एमपी के सागर अंतर्गत महाराजपुर थाना अंतर्गत ग्राम मोगरा के समीप घटित हुआ। घायल मजदूरों का प्राथमिक उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र देवरी में किया गया। इसके बाद उन्हें सागर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।

सिर व हाथ-पैर में आई गंभीर चोटें

बताया गया है कि लोडिंग वाहन क्रमांक एमपी 15 एलए 5277 में दो दर्जन मजदूर सवार थे। जो ग्राम रमखिरिया से खकरिया की जा रहे थे। इस दौरान सागर के महाराजपुर थाना अंतर्गत ग्राम मोगरा के समीप जैसे ही वाहन पहुंचा अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसकी सूचना राहगीरों द्वारा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची 108 एम्बुलेंस व डॉयल 100 की मदद से घायलों को उपचार के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया। इस हादसे में मजदूरों को हाथ, पैर, सिर सहित छाती में गंभीर चोटें पहुंची हैं।

इन्हें किया रेफर

हादसे में घायल मजदूरों को सीएचसी देवरी में प्राथमिक उपचार दिया गया। इस दौरान नौ लोगों की हालत गंभीर पाई गई जिन्हें जिला चिकित्सालय सागर के लिए रेफर कर दिया गया है। गंभीर घायलों में स्वाति 35 वर्ष, कमला 40 वर्ष, किरण 22 वर्ष, डेलन 40 वर्ष, हेमवती 30 वर्ष, अभिलाषा सिंह 44 वर्ष, सूरज रानी 50 वर्ष, गोलू 17 वर्ष, संतोष 14 वर्ष शामिल हैं। जबकि अन्य घायलों के नाम रामलली 40 वर्ष, राधा 38 वर्ष, रानी 35 वर्ष, सविता 40 वर्ष, आनंद 32 वर्ष, शकुन 50 वर्ष, पुष्पा 30 वर्ष, रोशनी 22 वर्ष बताए गए हैं।

लहसुन पटाई के लिए जा रहे थे मजदूर

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मजदूर खकरिया गांव में संजय ब्यारे के खेत पर लहसुन पटाई कार्य के लिए जा रहे थे। इस संबंध में महाराजपुर थाना प्रभारी सत्येन्द्र सिंह भदौरिया ने बताया कि आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया है। जिसकी तलाश की जा रही है। घायलों के बयान के आधार पर अपराध दर्ज किया जाएगा। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Next Story