मध्यप्रदेश

एमपी में रेलवे कर्मचारी पर झपट पड़ा तेंदुआ, कुत्ते का किया शिकार, ड्रोन से की जा रही सर्चिंग

Sanjay Patel
16 Oct 2023 8:56 AM GMT
एमपी में रेलवे कर्मचारी पर झपट पड़ा तेंदुआ, कुत्ते का किया शिकार, ड्रोन से की जा रही सर्चिंग
x
MP News: मध्यप्रदेश के रतलाम शहर में तेंदुए के मूवमेंट से लोग डरे सहमे हुए हैं। तेंदुए ने एक रेलवे कर्मचारी पर हमला बोल दिया जिससे वह घायल हो गया।

मध्यप्रदेश के रतलाम शहर में तेंदुए के मूवमेंट से लोग डरे सहमे हुए हैं। तेंदुए ने एक रेलवे कर्मचारी पर हमला बोल दिया जिससे वह घायल हो गया। इसी बीच उसने कुत्ते का भी शिकार किया। रेलवे कॉलोनी के बाद तेंदुए को सोमवार की सुबह शिमला कॉलोनी और इंडस्ट्रियल एरिया में देखा गया है। वन विभाग की टीमें इन इलाकों में सर्चिंग करने में जुटी हुई हैं। ड्रोन के माध्यम से तेंदुए की लोकेशन पता करने की कोशिश भी की जा रही है।

ट्रेंकुलाइज एक्सपर्ट टीम पहुंची

यह माना जा रहा है कि तेंदुआ सैलाना-बजाना क्षेत्र से लगे जंगलों से भटककर शहर में आ पहुंचा है। जिसकी खोजबीन में वन विभाग की टीम जुट गई हैं। विभाग की ट्रेंकुलाइज एक्सपर्ट टीम भी उज्जैन और इंदौर से रतलाम पहुंच चुकी हैं। इसके पूर्व रविवार की रात में भी टीम ने रेलवे कॉलोनी और आसपास के एरिया में तेंदुए की सर्चिंग की किंतु उसका पता नहीं चल सका। बताया गया है कि तेंदुआ सबसे पहले रविवार शाम 4 बजे के आसपास रेलवे कॉलोनी और रिटायर्ड कॉलोनी के बीच में देखा गया था। जिसको देखने के लिए काफी संख्या में लोग जमा हो गए थे। लोगों ने उसे कभी घरों में, तो कभी मैदान में उछल कूद करते हुए देखा। जिसके बाद वन विभाग को इसकी सूचना दी गई।

विभाग ने लोगों को किया अलर्ट

रतलाम में तेंदुए के मूवमेंट से लोग दहशत में हैं। यहां उसने एक कुत्ते को अपना शिकार बनाया। इसके साथ एक रेलवे कर्मचारी पर झपट्टा मारकर उसे घायल कर दिया। वन विभाग ने क्षेत्रवासियों को अलर्ट रहने के लिए कहा है। खासक छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखने, उन्हें घरों के अंदर ही रहने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही रोड नं. 8, 10 और 12 के रहवासियों से रात में घरों से बाहर न निकलने की अपील भी वन विभाग ने की है।

रेलवे कर्मचारी को पहुंचाया अस्पताल

तेंदुए ने रेलवे कॉलोनी में रहने वाले सतीश मीणा पर हमला बोल दिया। तेंदुए के हमले से वह बदहवास हो गए, उन्हें कुछ देर बाद होश आ सका। सतीश मीणा ने बताया कि वह तेंदुए को देखने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान अचानक वह सामने आ गया और उन पर झपट पड़ा। जिससे उनके कमर पर पंजे के निशान लगे हैं। उन्हें उपचार के लिए रेलवे अस्पताल पहुंचाया गया है। रतलाम में इसके पूर्व तेंदुए का मूवमेंट देखने को मिला है। सैलाना के नजदीक भी कुछ महीने पहले वन विभाग की टीम ने तेंदुए को रेस्क्यू कर देवास के जंगल में छोड़ा था।

इनका कहना है

इस संबंध में वन विभाग के डीएफओ डीएस निगवाल का कहना है कि तेंदुए के मूवमेंट से लोग डरे सहमे हैं। जबकि शहरी क्षेत्र में घुस आने की वजह से तेंदुआ भी घबराया हुआ रहता है। ऐसे में वह कभी भी हमला कर सकता है। उनका कहना है कि एकांत मिलने पर वह शहर के बाहर जंगली क्षेत्र में वापस लौट सकता है। लोगों को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है। वन विभाग की टीम तेंदुए का सर्चिंग कर रही है।

Next Story