मध्यप्रदेश

एमपी के रतलाम में घर के अंदर घुस गया तेंदुआ, ग्रामीणों ने 12 साल के बच्चे को मौत के मुंह से बचाया

Sanjay Patel
6 July 2023 8:51 AM GMT
एमपी के रतलाम में घर के अंदर घुस गया तेंदुआ, ग्रामीणों ने 12 साल के बच्चे को मौत के मुंह से बचाया
x
MP News: मध्यप्रदेश के रतलाम अंतर्गत बोदिना गांव में तेंदुए की आमद से हड़कम्प मच गया। तेंदुआ रात 10 बजे एक घर में घुस गया। घर के अंदर 12 साल का बच्चा सो रहा था।

मध्यप्रदेश के रतलाम अंतर्गत बोदिना गांव में तेंदुए की आमद से हड़कम्प मच गया। बुधवार की रात ग्रामीणों ने दहशत के साये में काटी। रात 8 बजे गांव में तेंदुए का मूवमेंट रहा। रात 10 बजे वह एक घर में घुस गया। घर के अंदर 12 साल का बच्चा सो रहा था। जिसको मौत के मुंह से ग्रामीणों ने सुरक्षित बचाया। जबकि बाघ को देख मां और 17 साल की बेटी उसी दौरान घर छोड़कर बाहर निकल आईं।

घबराकर मां-बेटी निकल गईं घर से बाहर

रतलाम के बोदिना गांव में घर के अंदर तेंदुआ घुस गया। गांव में दुकान के पास रात 8 बजे बाइक से निकल रहे खोकरा गांव के जितेन्द्र जमादार ने तेंदुए को देखा। जिसने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। गांव वाले इकट्ठे हुए तब तक तेंदुआ 700 मीटर दूर स्थित गोपाल हायरी के घर के बाहर जा पहुंचा। घर के बाहर शोर सुनाई दिया तो गोपाल की पत्नी यशोदा और बेटी कुमकुम दरवाजे पर आईं। जिन्होंने घर के बाहर तेंदुए को देखा। ऐसे में वह घबराकर घर से बाहर निकल गईं। इतने में तेंदुआ घर के अंदर घुस गया।

सीमेंट शेड हटाकर बच्चे को बचाया

गोपाल की पत्नी यशोदा ने ग्रामीणों को बताया कि उनका बेटा अमित घर के अंदर ही सो रहा है। जिस पर ग्रामीणों ने उसे बचाने की ठानी। गांव के दिनेश पाटीदार और समरथ पाटीदार ने हिम्मत दिखाई और घर के ऊपर की सीमेंट शेड को हटाकर अंदर उतरे। दिनेश ने तेंदुए की नजरों के सामने ही धीरे से बच्चे को उठाया। इस दौरान समरथ छत पर चढ़ गया। दिनेश ने छत पर खड़े समरथ को बच्चे को दे दिया। इसके बाद वह भी पाट पकड़कर ऊपर चढ़ गया।

आज सुबह वन विभाग ने किया रेस्क्यू

इस गांव की आबादी तीन हजार बताई गई है। यह तेंदुए की खबर से लोगों में हड़कम्प मच गया। जानकारी पर इंदौर और उज्जैन से वन विभाग की टीम पहुंची। गुरुवार सुबह 4 बजे से 5.30 बजे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला। टीम ने तेंदुए को ट्रेंक्यूलाइज कर बाहर निकाला। वन विभाग का कहना है कि यह नर तेंदुआ है जो बीमार भी लग रहा है। तेंदुए को पिंजरे में रखकर इंदौर ले जाया गया। जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। इस संबंध में रेंजर सीमा सिंह के मुताबिक तेंदुआ घर में ही था। मौके पर घेराबंदी कर दी गई थी जिससे वह किसी को नुकसान न पहुंचा सके। इसके बाद उसने ट्रेंक्यूलाइज कर पकड़ा गया।

Next Story