
- Home
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- MP में लाड़ली बहनों को...
MP में लाड़ली बहनों को मिलेंगे ₹1500 प्रतिमाह: दिवाली से मिलेगी बढ़ी राशि, CM मोहन यादव की घोषणा; रक्षाबंधन पर भी मिलेगा खास तोहफा

मध्यप्रदेश की 1 करोड़ 27 लाख लाड़ली बहनों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुरुवार को इंदौर में घोषणा की कि इस दिवाली से लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेशभर की बहनों को प्रतिमाह ₹1500 दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री इंदौर कलेक्टोरेट से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बड़वानी के ग्राम तलून में आयोजित विश्व सिकल सेल दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दोहराया कि सरकार लाड़ली बहनों को ₹3000 प्रति माह देने के अपने संकल्प पर कायम है, जिसे 2028 तक पूरा किया जाएगा। यह योजना ₹1000 प्रति माह से शुरू हुई थी और अब ₹1250 दिए जा रहे हैं।
रक्षाबंधन पर लाड़ली बहनों को मिलेगा खास तोहफा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने यह भी बताया कि लाड़ली बहना योजना के तहत हर महीने ₹1250 की राशि दी जा रही है, लेकिन अगले महीने आने वाले रक्षाबंधन पर्व के मौके पर ₹250 की अतिरिक्त राशि भी बहनों के खातों में ट्रांसफर की जाएगी। यह राशि बहनों के लिए एक शगुन के तौर पर होगी, जिससे त्योहार की खुशियां और बढ़ जाएंगी।
मध्य प्रदेश में लाड़ली बहना योजना
शुरुआत - 1 मार्च 2023
- महिलाओं के खाते में सरकार की तरफ से हर महीने 1250 रुपए ट्रांसफर किए जाते हैं।
- हितग्राहियों की संख्या – 1 करोड़ 27 लाख रुपए
- हर महीने का खर्च – 1587 करोड़ रुपए
- योजना पर सालाना खर्च – 19 हजार 50 करोड़ रुपए
लाड़ली बहना योजना में ये हैं प्रमुख शर्तें
- महिला मध्य प्रदेश की स्थानीय निवासी हो।
- जन्म 1 जनवरी 1963 के बाद और 1 जनवरी 2000 से पहले हुआ हो।
- विवाहित हो (विधवा, तलाकशुदा, और परित्यक्ता महिलाएं भी शामिल हैं।)
- परिवार की सालाना आय 2.5 लाख रुपए से ज्यादा न हो।
- महिला या उसके परिवार का कोई भी सदस्य आयकर दाता न हो।
- परिवार का कोई भी सदस्य केंद्र या राज्य सरकार के किसी विभाग में नौकरी न करता हो।
- परिवार का कोई भी सदस्य केंद्र या राज्य सरकार की किसी योजना से हर महीने 1250 रुपए या उससे ज्यादा न पाता हो।
- महिला या उसके परिवार का कोई भी सदस्य सांसद, विधायक या स्थानीय निकाय का जनप्रतिनिधि न हो।
- महिला या उसके परिवार के पास संयुक्त रूप से पांच एकड़ से ज्यादा जमीन न हो।
- महिला या उसके परिवार के पास चार पहिया वाहन (ट्रैक्टर को छोड़कर) न हो।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर साधा निशाना
अपने संबोधन के दौरान, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकार जवाबदेही से चलती है, जबकि कांग्रेस अय्याशी करती है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि उनका रिकॉर्ड है कि सभी नेता जमानत पर चल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि बीजेपी सरकार जनता के लिए काम करती है और हमेशा जनहित में फैसले लेती है।
कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी उर्फ डकैत के लव जिहाद के लिए फंडिंग के मामले में फरार होने पर मुख्यमंत्री ने सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में कानून का राज चलता है। कानून तोड़ने वालों से निपटना हम जानते हैं, चाहे वह कोई भी हो। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को भी निर्देश दिए कि जो जहां मिले, उसे पकड़ा जाए, और हर हाल में कानून का शासन सुनिश्चित किया जाएगा।
मौसम खराब होने के कारण बड़वानी नहीं जा पाए CM
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री मोहन यादव को विश्व सिकल सेल दिवस पर बड़वानी के ग्राम तलून जाना था। हालांकि, अचानक मौसम खराब होने के कारण उनका हेलीकॉप्टर इंदौर से उड़ान नहीं भर पाया। ऐसे में, मुख्यमंत्री इंदौर कलेक्टोरेट पहुंचे और वहीं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बड़वानी के कार्यक्रम को संबोधित किया। वहीं, राज्यपाल मंगुभाई पटेल और उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल सुबह सड़क मार्ग से इंदौर से तलून के लिए रवाना हुए और कार्यक्रम में शामिल हुए। राज्यपाल शाम 5 बजे इंदौर वापस पहुंचे और रात्रि विश्राम वहीं करेंगे।
Aaryan Puneet Dwivedi
Aaryan Puneet Dwivedi is a senior editor and an experienced journalist who has been active in the news industry since 2013. He has extensive experience covering and editing news across multiple fields, including politics, national and international affairs, sports, technology, business, and social issues. He is a state-level accredited journalist recognized by the Madhya Pradesh government. Known for his in-depth understanding of news and current affairs, he focuses on delivering accurate, reliable, and reader-friendly information across all major news categories.




