मध्यप्रदेश

खेलो इंडिया यूथ गेम्स का भोपाल से होगा आगाज, एमपी के 470 खिलाड़ी दिखाएंगे जौहर

Sanjay Patel
28 Jan 2023 8:11 AM GMT
खेलो इंडिया यूथ गेम्स का भोपाल से होगा आगाज, एमपी के 470 खिलाड़ी दिखाएंगे जौहर
x
MP News: एमपी भोपाल से खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आगाज 31 जनवरी को किया जाएगा। भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम से खेलों के इस महाआयोजन की शुरुआत होगी।

एमपी भोपाल से खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आगाज 31 जनवरी को किया जाएगा। भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम से खेलों के इस महाआयोजन की शुरुआत होगी। मध्यप्रदेश की मेजबानी में होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स में प्रदेश के 470 खिलाड़ी अपना जौहर दिखाएंगे। इस वर्ष प्रदेश के आठ शहरों में इन गेम्स का आयोजन होगा।

भोपाल में इन खेलों का होगा आयोजन

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत एमपी का प्रतिनिधित्व करते हुए एथलेटिक्स के 26 खिलाड़ी अपना हुनर दिखाएंगे। इसका आयोजन 3 से 5 फरवरी तक होगा। वहीं टीटी नगर स्टेडियम में कुश्ती के मुकाबले में 21 खिलाड़ी शामिल होंगे। यह आयोजन 7 से 11 फरवरी तक चलेगा। वहीं बाक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन 31 जनवरी से 4 फरवरी तक होगा। शूटिंग अकादमी में 1 से 6 फरवरी तक एमपी के सात खिलाड़ी अपना निशाना साधेंगे। वहीं वाटर स्पोर्ट्स के दो खेल भोपाल के बड़े तालाब स्थित वाटर स्पोर्ट्स अकादमी में खेले जाएंगे। 1 से 3 फरवरी तक क्याकिंग और कैनोइंग होंगे। जबकि 7 से 9 फरवरी तक रोइंग के मुकाबले होंगे। भोपाल के ही साईं इंडोर हाल में 30 जनवरी से 3 फरवरी तक वाॅलीबाल के मैच होंगे। जूड़ो के मुकाबले भी यहां 7 से 10 फरवरी तक खेले जाएंगे।

ग्वालियर में होंगी यह प्रतियोगिताएं

एमपी की मेजबानी में खेलो इंडिया यूथ गेम्स में ग्वालियर में बैडमिंटन, हाकी, जिम्नास्टिक और कलरिपावट्टू की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बैडमिंटन अकादमी में 31 जनवरी से 3 फरवरी तक बैडमिंटन होगा। जबकि हाकी अकादमी में 4 से 10 फरवरी तक मुकाबले खेले जाएंगे। एलएनआईपीई में जिम्नास्टिक के मुकाबले 1 से 5 फरवरी तक आयोजित किए जाएंगे। केरल के पारंपरिक खेल कलरिपावट्टू के मुकाबले 8 से 10 फरवरी तक होंगे।

उज्जैन में होगा योग और मलखंब

महाकाल की नगरी उज्जैन में योग और मलखंब के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। योग और मलखंब का आयोजन 1 फरवरी से प्रारंभ होकर 10 फरवरी तक चलेगा। माधव सेवा न्यास उज्जैन में 1 से 3 फरवरी तक योगासन में 12 खिलाड़ी भाग लेंगे। जबकि मलखंब के 12 खिलाड़ी 6 से 10 फरवरी तक अपने खेल का प्रदर्शन करेंगे।

जबलपुर में होंगे यह खेल

संस्कारधानी जबलपुर में चार अलग-अलग खेलों का आयोजन होगा। जिसमें पारंपरिक खेल खो-खो का आयोजन 30 जनवरी से 3 फरवरी तक किया जाएगा। जबकि तीरंदाजी का आयोजन 31 जनवरी से 3 फरवरी तक होंगे। वहीं फेंसिंग के मुकाबले 6 से 10 फरवरी तक रानीताल स्पोर्ट्स कामलेक्स में आयोजित किए जाएंगे। खजूरी रोड पर साइकिलिंग का मुकाबला 8 और 9 फरवरी को होगा।

मंडला, बालाघाट व महेश्वर में भी होंगे यूथ गेम्स

2 से 10 फरवरी तक मंडला में खेल थांगता और गटका के आयोजन किए जाएंगे। डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स काम्पलेक्स में गटना के 8 खिलाड़ी 2 से 4 फरवरी तक मुकाबला करेंगे। जबकि थांगता के 9 खिलाड़ी 8 से 10 फरवरी तक प्रदर्शन करेंगे। बालाघाट स्थित फुटबाल ग्राउंड में महिला युवा फुटबालर्स 1 से 10 फरवरी तक प्रदर्शन करेंगी। जबकि महेश्वर खरगोन में 6 और 7 फरवरी को सहस्त्रधारा में सलालम के मुकाबले आयोजित होंगे। जिसमें एमपी के 2 पुरुष और 2 महिला खिलाड़ी चयनित किए गए हैं।

Next Story