मध्यप्रदेश

एमपी के धार में युवकों ने चाकू की नोक पर बारात को लूटा, दुल्हन लेकर भाग गए

Sanjay Patel
31 Dec 2022 11:29 AM GMT
एमपी के धार में युवकों ने चाकू की नोक पर बारात को लूटा, दुल्हन लेकर भाग गए
x
धार में दो युवकों द्वारा चाकू की नोक पर बारात के साथ लूट की गई। इस दौरान आरोपी दुल्हन को भी अपने साथ ले गए। परिजनों द्वारा सादलपुर थाने को मामले की सूचना दी गई।

धार में दो युवकों द्वारा चाकू की नोक पर बारात के साथ लूट की गई। इस दौरान आरोपी दुल्हन को भी अपने साथ ले गए। परिजनों द्वारा सादलपुर थाने को मामले की सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने के साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम का गठन भी किया है।

क्या है मामला

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इंदौर के एक कॉलोनाइजर की भर्ती का अपहरण धार के सादलपुर से कर लिया गया। गुजरात के भरुच से दूल्हे पक्ष के लोग बारात लेकर इंदौर के आजाद नगर आए हुए थे। जहां पर अनीश रहमान 22 वर्ष के साथ निकाह का कार्यक्रम हुआ। जिसके बाद बारात गुजरात जाने के लिए वापस निकली। तकरीबन 12 बजे धार के ग्राम गुणावद में इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर स्थित मां सप्तासांगी ढाबे में बारात रुक गई। इस दौरान युवती कार में बैठी हुई थी। तभी अचानक दो युवक वहां पहुंचे और युवती का अपहरण करके अपने साथ ले गए। हालांकि इस दौरान दूल्हे पक्ष के लोगों द्वारा पीछा भी किया गया किंतु आरोपी इंदौर की ओर फरार होने में कामयाब हो गए।

बाइक से आए थे आरोपी

परिजनों द्वारा मामले की जानकारी सादलपुर थाने को दी गई। जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगालने के साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम भी गठित की गई है। बताया गया है कि आरोपी रोहान पिता याकुब अपने एक साथी के साथ बाइक में आया था। जिनके द्वारा युवती का अपहरण कर लिया गया। मुख्य आरोपी रोहान आजाद नगर क्षेत्र का ही निवासी है। पुलिस ने रोहान और उसके दोस्त सोहेल पिता सफीक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। युवती का अपहरण किन कारणों से किया गया है इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

इनका कहना है

इस संबंध में टीआई विश्वदीप सिंह परिहार ने बताया कि इंदौर में शादी समारोह का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद बारात गुजरात वापस जा रही थी। बारात ढाबे के समीप रुकी थी। इसी दौरान मोटर साइकिल से आए दो युवकों द्वारा युवती को अपने साथ जबरदस्ती ले गए। मामले में पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Next Story