मध्यप्रदेश

एमपी के मैहर में गैंगरेप आरोपियों के ढहाए गए मकान, महिलाओं ने हाथ जोड़ की आरजू मिन्नत

Sanjay Patel
29 July 2023 10:40 AM GMT
एमपी के मैहर में गैंगरेप आरोपियों के ढहाए गए मकान, महिलाओं ने हाथ जोड़ की आरजू मिन्नत
x
MP News: मध्यप्रदेश के मैहर में 12 वर्ष की बच्ची के साथ गैंगरेप मामले में आरोपियों के मकान बुलडोजर से ढहा दिए गए। प्रशासन की टीम जब मौके पर पहुंची तो महिलाएं हाथ जोड़कर आरजू मिन्नत करने लगीं।

मध्यप्रदेश के मैहर में 12 वर्ष की बच्ची के साथ गैंगरेप मामले में आरोपियों के मकान बुलडोजर से ढहा दिए गए। प्रशासन की टीम जब मौके पर पहुंची तो महिलाएं हाथ जोड़कर आरजू मिन्नत करने लगीं। महिलाओं का कहना था कि उनका बेटा वारदात के वक्त ड्यूटी पर था, उसे फंसाया जा रहा है। प्रशासन की टीम ने आज सुबह सबसे पहले आरोपी रवि कुमार का मकान ढहाया। इसके बाद आरोपी अतुल कुमार बढ़ोलिया के मकान को ढहाने का कार्य किया गया।

मौजूद रहा भारी पुलिस बल

प्रशासन द्वारा आरोपियों के घरों को गिराने की कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। मौके पर एसडीएम सुरेश जाधव, एसडीओपी लोकेश डाबर, थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी, तहसीलदार जितेन्द्र पटेल, पुलिस के साथ ही मैहर नगर पालिका का अमला मौजूद था। टीम द्वारा अमले के सााथ पहुंचकर मैहर के अरकंडी में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। कार्रवाई के दौरान आरोपी अतुल बढ़ोलिया के परिजनों ने टीम से आरजू मिन्नत भी की। उनका कहना था कि जिस वक्त की वारदात बताई जा रही है उस दौरान उनका बेटा ड्यूटी पर था। उनका कहना था कि बेटा दोषी है तो उसे फांसी दे दी जाए किंतु पहले मामले की जांच होनी चाहिए।

दोनों आरोपी मंदिर समिति के कर्मचारी

पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी शारदा देवी मंदिर प्रबंध समिति के कर्मचारी हैं। जिनको घटना के बाद मंदिर समिति द्वारा बर्खास्त कर दिया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। एसपी आशुतोष गुप्ता ने मैहर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया, जिसके बाद उन्होंने कार्रवाई के निर्देश दिए। यहां पर बता दें कि सतना जिले के मैहर में शुक्रवार को 12 वर्षीय बच्ची के साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया। आरोपी बच्ची को जंगल में ही छोड़ गए थे। बच्ची रीवा जिला अस्पताल में भर्ती है। पीड़िता के बयान के बाद आरोपियों की शिनाख्त भी कराई गई थी। इस घटना में शामिल आरोपी अतुल कुमार बढ़ोलिया और रवि कुमार पुलिस को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। जहां से उनको जेल भेज दिया गया है।

Next Story