मध्यप्रदेश

एमपी के खरगोन में दूल्हा करता रह गया इंतजार, रुपए लेकर गायब हो गई लुटेरी दुल्हन

Sanjay Patel
13 Jun 2023 7:26 AM GMT
एमपी के खरगोन में दूल्हा करता रह गया इंतजार, रुपए लेकर गायब हो गई लुटेरी दुल्हन
x
MP News: मध्यप्रदेश के खरगोन में शादी के लिए दुल्हा इंतजार ही करता रहा गया, दुल्हन रुपए लेकर फरार हो गई। शादी के लिए युवक ने मकान गिरवी रखकर ब्याज पर रुपए लिए थे।

मध्यप्रदेश के खरगोन में शादी के लिए दुल्हा इंतजार ही करता रहा गया, दुल्हन रुपए लेकर फरार हो गई। शादी के लिए युवक ने मकान गिरवी रखकर ब्याज पर रुपए लिए थे। शादी के लिए दुल्हन भी अपने जीजा के साथ पहुंच गई। इस दौरान दुल्हे से दुल्हन ने कहा कि वह कुछ गहने और कपड़े खरीदना चाहती है। जिस पर दूल्हे ने सहमति जताते हुए उसे एक लाख रुपए शॉपिंग करने के लिए दे दिए। दुल्हन बाजार खरीददारी करने के लिए गई किंतु वह लौटकर वापस फेरे लेने के लिए नहीं आई। जिसके बाद दूल्हा थाने पहंुचा और कार्रवाई हेतु आवेदन दिया।

कोर्ट में सेहरा सजाए खड़ा रहा दूल्हा

धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र के ढोल गांव निवासी दूल्हे के पिता कैलाश वानखेड़े सोमवार को थाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि बेटे रामेश्वर उर्फ सुनील वानखेड़े की शादी को लेकर वह चिंतित थे। जिसके लिए रिश्तेदारों से लड़की ढूढ़ने को कहा था। इस दौरान उनके भाई के दामाद जितेन्द्र ने लड़की के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि उनका परिचित खेड़ी गांव का लंकेश मानकर है जो लड़की के बारे में जानता है। लड़की गरीब परिवार से ताल्लुक रखती है जिसका नाम ममता 24 वर्ष बताया। लड़की के पिता का नाम मायाराम निवासी जलालाबाद बताया गया। युवक की शादी कोर्ट में होनी थी किंतु युवती रुपए लेकर फरार हो गई। दूल्हा कोर्ट में सेहरा सजाए दुल्हन का इंतजार करता रह गया।

दूल्हे पक्ष को उठाना था शादी का खर्च

दूल्हे के पिता का कहना है कि वह लड़की को देखने के लिए जलालाबाद गए। बातचीत के दौरान 1 लाख 10 हजार रुपए देना तय हुआ। लड़की से पिता के बातचीत के बाद वहीं पर 10 हजार रुपए दे दिए। सोमवार को कोर्ट में शादी करने की बात तय हुई थी। शादी का सारा खर्च दूल्हे पक्ष को उठाना था। जिसके लिए हमने पूरी व्यवस्था की। सोमवार को रिश्तेदारों के साथ बेटे रामेश्वर की शादी करने खरगोन पहुंचे।

घर गिरवी रख ब्याज पर ली थी रकम

दूल्हे रामेश्वर के मुताबिक शादी के लिए उसने घर गिरवी रख दिया था। विवाह के लिए 5 फीसदी ब्याज पर उसने रकम ली थी। दुल्हन और उसके साथियों ने मिलकर उसके साथ ठगी की। खरीददारी करने के बहाने दुल्हन ने उससे पैसे मांगे और बाजार चली गई किंतु वह वापस नहीं लौटी। दोपहर 1 बजे होने वाली शादी शाम 4 बजे तक भी नहीं हो सकी। तब दूल्हा समझ गया कि वह ठगी का शिकार हो गया है। लुटेरी दुल्हन के खिलापफ दूल्हे ने शहर के कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। दूल्हे की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दुल्हन की तलाश प्रारंभ कर दी है।

Next Story