मध्यप्रदेश

एमपी के धार से चार नाबालिग लड़कियां लापता, पुलिस थाने में प्रकरण दर्ज

Sanjay Patel
4 Dec 2022 10:52 AM GMT
एमपी के धार से चार नाबालिग लड़कियां लापता, पुलिस थाने में प्रकरण दर्ज
x
चार नाबालिग लड़कियों के एक साथ गायब होने से क्षेत्र में सनाका खिंच गया। परिजनों द्वारा जहां मामले की शिकायत संबंधित थाने में दर्ज कराई गई है तो वहीं पुलिस भी नाबालिग लड़कियों की तलाश में हाथ-पांव मार रही है।

चार नाबालिग लड़कियों के एक साथ गायब होने से क्षेत्र में सनाका खिंच गया। परिजनों द्वारा जहां मामले की शिकायत संबंधित थाने में दर्ज कराई गई है तो वहीं पुलिस भी नाबालिग लड़कियों की तलाश में हाथ-पांव मार रही है। नाबालिगों की खोजबीन के लिए पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं किन्तु अब तक इनका पता नहीं चल सका है जिससे परिजनों की परेशानी बढ़ गई है। मामला औद्योगिक नगरीय पीथमपुर के सागौर क्षेत्र का बताया गया है।

7 से 15 वर्ष तक की हैं लड़कियां

परिजनों ने पहले लड़कियों को क्षेत्र में ही तलाश किया गया किन्तु उनका पता नहीं चल सका। जिसके बाद पुलिस थाना सागौर में इसकी शिकायत दर्ज करवाई गई। चारों नाबालिग लड़कियों की उम्र महज 7 वर्ष से 15 वर्ष के बीच बताई गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम हरकत में आई और गुम इंसान काम किया। इसके साथ ही महज कुछ घंटों में ही पुलिस ने अपहरण की धारा में प्रकरण दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी उनि राजेन्द्र सिंह भदौरिया की मानें तो परिजन रात में थाने आए थे। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस की दो टीमें लड़कियों की पतासाजी कर रही हैं।

कचरा बीनने गई थी नाबालिग

सभी लड़कियां एक ही समाज की बताई गई हैं। इनका परिवार बेटमा थाना इंदौर से कुछ माह पूर्व ही सागौर आया था। जहां अस्थायी घर बनाकर रह रहे थे। जहां पर इनके द्वारा कचरा बीनने के साथ मजदूरी का काम किया जाता है। पुलिस सूत्रों के अनुसार सागौर के नीलकंठेश्वर मंदिर क्षेत्र के आसपास यह निवास करते हैं। रात में 12.30 बजे महिला रोशनबाई पति रेव सिंह द्वारा रिपोर्ट दर्ज करवाई गई कि तीन परिवार की चार लड़कियां कचरा बीनने के लिए निकली थीं जो अब तक घर नहीं पहुंची हैं। जिनमें सुमित्रा सोलंकी 15 वर्ष, राधिका सोलंकी 10 वर्ष, नीतू सोलंकी 7 वर्ष और रीना सिंह राठौर 13 वर्ष शामिल हैं। फिलहाल पुलिस द्वारा नाबालिग लड़कियों की खोजबीन की जा रही है।

Next Story