मध्यप्रदेश

एमपी: पूर्व सीएम कमलनाथ ने लगाया केजरीवाल फार्मूला, कहा कांग्रेस सरकार बनने पर 100 यूनिट बिजली माफ, 200 यूनिट बिजली हाफ

Sanjay Patel
18 May 2023 10:20 AM GMT
एमपी: पूर्व सीएम कमलनाथ ने लगाया केजरीवाल फार्मूला, कहा कांग्रेस सरकार बनने पर 100 यूनिट बिजली माफ, 200 यूनिट बिजली हाफ
x
MP News: मध्यप्रदेश में यह साल चुनावी वर्ष है। ऐसे में विभिन्न राजनैतिक पार्टियों द्वारा जनता को लुभाने के लिए नित नई घोषणाओं का दौर भी जारी है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी बड़ी घोषणा की है।

मध्यप्रदेश में यह साल चुनावी वर्ष है। ऐसे में विभिन्न राजनैतिक पार्टियों द्वारा जनता को लुभाने के लिए नित नई घोषणाओं का दौर भी जारी है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी बड़ी घोषणा की है। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर जनता की 100 यूनिट बिजली माफ की जाएगी। इसके साथ ही 200 यूनिट के लिए आधा बिल का ही भुगतान करना होगा।

कमलनाथ ने की घोषणा

गुरुवार को बदनावर में एक आमसभा को सम्बोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ‘100 यूनिट बिजली माफ, 200 यूनिट हाफ‘ की घोषणा की। इस मौके पर उन्होंने शिवराज सरकार पर जमकर आरोपों की झड़ी भी लगाई। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में महंगाई आसमान पर पहुंच चुकी है। कांग्रेस की सरकार बनने पर सबसे कमजोर वर्ग को सबसे पहले ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाई जाएंगी। पूर्व सीएम ने कहा कि एमपी का नौजवान रोजगार के लिए भटक रहा है। प्रदेश का अन्नदाता खाद, बीज और फसलों के उचित मूल्य पाने के लिए भटक रहा है। प्रदेश में चौपट राज चल रहा है। प्रदेश में आज हर क्षेत्र में व्यवस्थाएं चौपट हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गलत नीतियों से औद्योगिक क्षेत्रों का सत्यानाश किया हुआ है। हमें गर्व है कि पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र कांग्रेस की सरकार ने बनाया था किंतु आज पीथमपुर की हालत देखकर बेहद दुख होता है।

स्थानीय उम्मीदवार पर जताई सहमति

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा कि पूरे एमपी से यह मांग उठ रही है कि इस बार विधानसभा चुनाव में स्थानीय उम्मीदवार दिया जाए। जिससे वह काफी हद तक सहमत हैं। हमारा स्थानीय संगठन इसमें अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि वह स्वयं पंडित प्रदीप मिश्रा के कार्यक्रम में इंदौर गए थे। छतरपुर बागेश्वर महाराज से मिलने भी गया था। किंतु वह हमारे लिए राजनीतिक विषय नहीं है। धर्म को स्वार्थ के लिए राजनीतिक मंच पर लाने का कार्य भाजपा करती है। उन्होंने कहा कि धर्म हमारी आस्था का विषय है और हम धर्म का राजनीतिक दुरुपयोग नहीं करते।

सच्चाई का रास्ता इसलिए नहीं लगता डर

पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा कि उनका रास्ता सच्चाई का है। 44 साल के उनके राजनीतिक जीवन पर कोई उंगली नहीं उठा सकता। 44 साल मुझे मेरे क्षेत्र की जनता ने वोट दिया है। कोई सांसद नहीं है देश में जो इतने चुनाव जीता हो, जितने वह जीते हैं। उन्होंने कहा कि सच्चाई का रास्ता होने के कारण उन्हें ईडी और सीबीआई से कतई डर नहीं लगता। कर्नाटक में तो 40 प्रतिशत कमीशन हुआ करता था किंतु एमपी की जनता जानती है कि यहां पर पंचायत से लेकर मंत्रालय तक भ्रष्टाचार की व्यवस्था बनी हुई है। उन्होंने लोगों से सच्चाई का साथ देने का आह्वान करते हुए कहा कि यह मध्यप्रदेश के भविष्य का चुनाव है, जनता ही इसे सही दिशा दे सकती है।

Next Story