मध्यप्रदेश

होली पर बेंगलुरू से ग्वालियर आने वाली फ्लाइट का दोगुना हुआ किराया, इंदौर व मुंबई का सफर भी महंगा

Sanjay Patel
25 Feb 2023 10:39 AM GMT
होली पर बेंगलुरू से ग्वालियर आने वाली फ्लाइट का दोगुना हुआ किराया, इंदौर व मुंबई का सफर भी महंगा
x
MP News: आगामी होली त्योहार को देखते हुए बेंगलुरू से ग्वालियर आने वाली फ्लाइट का किराया बढ़ा दिया गया है। वहीं मुंबई, दिल्ली व इंदौर से ग्वालियर आने वाली फ्लाइट की टिकट भी महंगी हो गई हैं।

आगामी होली त्योहार को देखते हुए बेंगलुरू से ग्वालियर आने वाली फ्लाइट का किराया बढ़ा दिया गया है। इसके साथ ही मुंबई, दिल्ली व इंदौर से ग्वालियर आने वाली फ्लाइट की टिकट भी महंगी हो गई हैं। अब हवाई यात्रा करने वाले मुसाफिरों को होली पर ज्यादा किराया चुकता करना होगा तभी वह सफर का आनंद ले पाएंगे।

बेंगलुरू से ग्वालियर फ्लाइट किराया

बेंगलुरू, मुंबई, दिल्ली और इंदौर से ग्वालियर आने वाली फ्लाइट की टिकट के दाम बढ़ गए हैं। 7 मार्च के लिए बेंगलुरू से ग्वालियर आने वाली फ्लाइट की टिकट 11 हजार 700 रुपए में बुक हो रहे हैं। जबकि 9 मार्च को बेंगलुरू ग्वालियर आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट का किराया पोर्टल पर 5 हजार 450 रुपए दिखा रहा है। इतना ही नहीं 12 मार्च को ग्वालियर से बेंगुलरू का टिकट भी 10 हजार रुपए से अधिक में बुक हो रहा है। होली के बाद भी ग्वालियर से बेंगलुरू जाने वाले यात्री महंगा टिकट लेकर सफर करेंगे।

इंदौर से ग्वालियर फ्लाइट किराया

7 मार्च को इंदौर से ग्वालियर फ्लाइट की टिकट के दाम भी बढ़ाए गए हैं। 3600 में मिलने वाली यह टिकट अब 4160 रुपए में बुक हो रही है। वहीं इंदौर से दिल्ली के लिए 2600 रुपए में फ्लाइट टिकट के दाम हो गए हैं। 7 मार्च को मुंबई से ग्वालियर इंडिगो की फ्लाइट का टिकट 6250 रुपए में बुक किया जा रहा है। जबकि मुंबई से ग्वालियर का शुरुआती किराया 3999 रुपए है। हैदराबाद से ग्वालियर का फ्लाइट टिकट 4600 रुपए में बुक किया जा रहा है।

बेंगलुरू फ्लाइट की फुल रहती हैं सीटें

स्पाइसजेट की बेंगलुरू की फ्लाइट का संचालन नियमित रूप से किया जा रहा है। जिसकी अक्सर सीटें फुल ही रहती हैं। इस फ्लाइट को यात्रियों का बढ़िया रिस्पांस मिल रहा है। जबकि हैदराबाद से ग्वालियर आने वाली फ्लाइट की सीटें फुल नहीं रहती हैं। ग्वालियर से मुंबई के लिए इंडिगो का एयर बस सप्ताह में चार दिन चल रहा है जिसको भी यात्रियों का अच्छा खासा रिस्पांस मिल रहा है।

मुंबई से दो घंटे में पहुंच जाते हैं ग्वालियर

कम समय लगने के कारण यात्रियों द्वारा फ्लाइट को काफी पसंद किया जा रहा है। इंडिगो की मुंबई से आने वाली सीधी फ्लाइट में यात्री लगभग दो घंटे में ग्वालियर पहुंच जाते हैं। जबकि मुंबई से आने वाली राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन से आने पर यात्रियों को 14 घंटे लग जाते हैं। मुंबई से आने वाली राजधानी एक्सप्रेस में भी होली को लेकर सभी श्रेणी में वेटिंग का टिकट यात्रियों को मिल रहा है। कई ट्रेनों की स्थिति होली पर्व पर यह है कि उनमें टिकट के लिए लंबी वेटिंग की स्थिति बन गई है।

Next Story