मध्यप्रदेश

एमपी के दतिया में मवेशी भगाने के विवाद पर चली गोली, 5 की मौत, आधा दर्जन घायल

Sanjay Patel
13 Sep 2023 8:56 AM GMT
एमपी के दतिया में मवेशी भगाने के विवाद पर चली गोली, 5 की मौत, आधा दर्जन घायल
x
MP News: मध्यप्रदेश के दतिया में खेत में मवेशी घुस गए, जिनको भगाने को लेकर विवाद हो गया। यह विवाद धीरे-धीरे गोलीकांड में तब्दील हो गया। दो पक्षों के बीच चली गोली में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग घायल बताए गए हैं।

मध्यप्रदेश के दतिया में खेत में मवेशी घुस गए, जिनको भगाने को लेकर विवाद हो गया। यह विवाद धीरे-धीरे गोलीकांड में तब्दील हो गया। दो पक्षों के बीच चली गोली में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग घायल बताए गए हैं। मरने वालों में एक ही परिवार के तीन लोग हैं जबकि दो लोग दूसरे पक्ष से हैं। घटना के बाद समूचा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है।

आधा घंटे तक चलती रही गोलियां

दतिया में धान के खेत में मवेशी घुस गए। इसको लेकर बुधवार को पाल और दांगी समाज के लोगों के बीच विवाद हुआ और देखते ही देखते गोलियां चलने लगीं। एसपी प्रदीप शर्मा के मुताबिक सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम रेंडा में प्रकाश दांगी का गांव के ही प्रीतम पाल से उसके धान के खेत में मवेशी घुस जाने को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद दोनों पक्षों के लोग बंदूक और अन्य हथियार लेकर पहुंच गए। मौके पर फायरिंग शुरू हो गई। आधे घंटे तक गोलियां चलती रहीं।

इनकी हुई मौत

गोलीकांड में कुल पांच लोगों की मौत होनी बताई गई है। जिसमें एक परिवार के तीन लोग और दूसरे पक्ष से दो लोग बताए गए हैं। प्रकाश दांगी पुत्र भैयालाल, उसका पुत्र सुरेन्द्र दांगी और भाई रामनरेश दांगी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पाल समाज के राजेन्द्र पाल और राघवेन्द्र पाल की मौत हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। उन्होंने मौके का जायजा लिया।

दो की हालत गंभीर

घटना के बाद समूचा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। गोलीबारी में 6 लोग घायल हुए हैं जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। घायलों को उपचार के लिए वाहन से अस्पताल पहुंचाया। बताया गया है कि मवेशी घुसने की घटना को लेकर दोनों पक्षों में तीन दिन पूर्व भी विवाद हुआ था। जिसके बाद राजीनामे की कोशिश की गई थी किंतु विवाद शांत नहीं हुआ। आज सुबह दोनों पक्ष पुनः आमने-सामने आ गए और ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गईं।

Next Story