मध्यप्रदेश

Dhar Accident: एमपी के धार में गणपति घाट पर तीन वाहनों में टक्कर के बाद लगी आग, जिंदा जले दो लोग

Sanjay Patel
11 March 2023 10:03 AM GMT
Dhar Accident: एमपी के धार में गणपति घाट पर तीन वाहनों में टक्कर के बाद लगी आग, जिंदा जले दो लोग
x
MP News: धार के राऊ-खलघाट फोरलेन के गणपति घाट पर आज सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। घाट से एक ट्राला उतर रहा था जिसका ब्रेक फेल होने से वह अनियंत्रित हो गया।

धार के राऊ-खलघाट फोरलेन के गणपति घाट पर आज सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। घाट से एक ट्राला उतर रहा था जिसका ब्रेक फेल होने से वह अनियंत्रित हो गया। ट्राले ने आगे चल रहे दो वाहनों को टक्कर मारते हुए आगे घाट चढ़ने वाली लेन पर पहुंच गया। जहां घाट चढ़ रहे दो वाहनों से वह टकरा गया। देखते ही देखते तीनों वाहनों में आग भड़क उठी। आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस हादसे में दो लोग जिंदा जल गए।

बस में सवार यात्री बाल-बाल बचे

बताया गया है कि घटनास्थल के समीप से ही खरगोन से इंदौर जा रही बस भी गुजर रही थी। जो आग के लपेटे में आने से बाल-बाल बच गई। यह बस गौर ट्रेवल्स की बताई गई है। हादसे के दौरान बस घटनास्थल पर ही किसी कारण से रुक गई थी। जिसमें सवार यात्रियों को उतारकर आग से दूर किया गया। जिसके बाद बस को आगे निकाला गया। तब कहीं जाकर सभी यात्रियों और बस को सुरक्षित निकालकर इंदौर के लिए रवाना किया गया।

ट्राले में जल गए दो लोग

हादसे के बाद गणपति घाट पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। 2 किलोमीटर मानपुर की ओर वाहनों का रेला तो तो 2 किलोमीटर धामनोद की ओर भी वाहनों की कतार लग गई। तीन घायलों को टोल एम्बुलेंस की मदद से उपचार के लिए धामनोद अस्पताल पहुंचाया गया। जबकि ट्राले में जलकर दो लोग कंकाल बन गए। जिनके शवों को अस्पताल भेजा गया। घटनास्थल पर प्रशासन सहित फायर ब्रिगेड पहुंच गए तब तकरीबन 3 घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। जाम में फंसे वाहनों को मानपुर से सगड़ी बगड़ी होते हुए धार की ओर निकाला गया। क्रेन की मदद से वाहनों को हटाने का कार्य किया गया। पुलिस प्रशासन पूरी तरह से ट्रैफिक व्यवस्था संभालते नजर आया तो जाम में फंसे लोग काफी परेशान दिखे।

Next Story