मध्यप्रदेश

MP News: भोपाल में दो नर बायसन के लिए असम से लाई जाएंगी मादा बायसन

Sanjay Patel
25 Feb 2023 9:37 AM GMT
MP News: भोपाल में दो नर बायसन के लिए असम से लाई जाएंगी मादा बायसन
x
MP News: बायसन के जेंडर असंतुलन को दूर करने के लिए भोपाल वन विहार नेशनल पार्क प्रबंधन तेजी से जुट गया है। यहां दो नर बायसन हैं जिनके लिए असम से मादा बायसन को लाने की तैयारी है।

बायसन के जेंडर असंतुलन को दूर करने के लिए भोपाल वन विहार नेशनल पार्क प्रबंधन तेजी से जुट गया है। यहां पर दो नर बायसन हैं जिनके लिए असम से मादा बायसन को लाने की तैयारी है। यहां बायसन का जोड़ा कान्हा नेशनल पार्क से वर्ष 2010-11 में लाया गया था। इस जोड़े से एक नर बायसन ने जन्म लिया था। मादा बायसन की पहाड़ी से फिसलने के कारण मौत हो गई थी। अब वर्तमान समय पर वन विभाग में दो नर बायसन हैं। मादा बायसन नहीं होने के कारण यहां इसे लाए जाने की कवायद प्रारंभ कर दी गई है।

मादा बायसन के बदले दिए जाएंगे भालू

वन विहार नेशनल पार्क प्रबंधन की मानें तो यहां मादा बायसन असम से लाई जाएंगी। जिसके बदले में असम के चिड़ियाघर को यहां से भालू दिए जाएंगे। असम से टीम यहां जल्द ही भालुओं को पसंद करने के लिए आने वाली है। वर्ष 2020 में औबेदुल्लागंज से मादा बायसन को यहां रेस्क्यू करके लाया गया था। जो सतपुड़ा नेशनल पार्क से नदी पार करके औबेदुल्लागंज पहुंच गई थी। वन विहार नेशनल पार्क में रहने के बाद कुछ ही दिनों में उसने दम तोड़ दिया था। उसकी मौत के बाद से ही यहां के लिए मादा बायसन की तलाश की जा रही थी। प्रदेश में कभी बायसन की संख्या 20 हजार हुआ करती थी किंतु अब मात्र 2 हजार के आसपास ही बचे हैं।

इनका कहना है

इस संबंध में वन विहार के डायरेक्टर पदमाप्रिया बालाकृष्णन ने बताया कि वर्तमान समय पर वन विहार में केवल 2 नर बायसन हैं। वन विहार में असम से मादा बायसन को लाया जाएगा। जिसके बदले उन्हें भालू प्रदान किए जाएंगे। यहां भालू को देखने के लिए असम से एक टीम आ भी रही है। उन्होंने बताया कि पहले कान्या नेशनल पार्क और सतपुड़ा नेशनल पार्क से मादा बायसन को लाने की योजना बनाई गई थी। किंतु एनटीसीए और केन्द्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने नेशनल पार्कों से चिड़ियाघरों को वन्य प्राणी देने से इंकार कर दिया गया। जिसके चलते अब मादा बायसन को असम के चिड़ियाघर से लाया जाएगा।

Next Story