मध्यप्रदेश

EOW Raid: एमपी में खाद्य सुरक्षा अधिकारी के ठिकाने पर ईओडब्ल्यू का छापा, आय से 600 गुना अधिक मिली सम्पत्ति

Sanjay Patel
7 July 2023 10:36 AM GMT
EOW Raid: एमपी में खाद्य सुरक्षा अधिकारी के ठिकाने पर ईओडब्ल्यू का छापा, आय से 600 गुना अधिक मिली सम्पत्ति
x
MP News: मध्यप्रदेश के सागर जिले में पदस्थ खाद्य सुरक्षा अधिकारी के घर पर आर्थिक अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) ने छापामार कार्रवाई की। अमरीश दुबे के गोपालगंज थाना क्षेत्र के द्वारका विहार कॉलोनी में उनके निवास पर आज सुबह 8 बजे से कार्रवाई प्रारंभ हुई।

EOW Raid: मध्यप्रदेश के सागर जिले में पदस्थ खाद्य सुरक्षा अधिकारी के घर पर आर्थिक अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) ने छापामार कार्रवाई की। अमरीश दुबे के गोपालगंज थाना क्षेत्र के द्वारका विहार कॉलोनी में उनके निवास पर आज सुबह 8 बजे से प्रारंभ हुई कार्रवाई अभी जारी है। ईओडब्ल्यू के तकरीबन आधा दर्जन कर्मी उनके घर से संपत्ति संबंधी जानकारी एकत्र कर रहे हैं।

जबलपुर और नरसिंहपुर में भी हुई कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमरीश दुबे के ठिकानों पर एक साथ हुई ईओडब्ल्यू की कार्रवाई से हड़कम्प की स्थिति निर्मित हो गई। अमरीश दुबे के जबलपुर और नरसिंहपुर के ठिकानों पर भी ईओडब्ल्यू की कार्रवाई की गई है। अमरीश सागर में तकरीबन पौने तीन साल से पदस्थ हैं। उनकी वर्ष 2008 में नियुक्ति हुई थी। तब से लेकर अब तक तकरीबन 600 गुना अधिक संपत्ति मिलने की जानकारी सामने आ रही है। उनके खिलाफ पिछले वर्ष व्यापारियों द्वारा कार्रवाई के नाम पर अवैध वसूली की शिकायत भी कलेक्टर से की गई थी।

इन संपत्तियों के मिले दस्तावेज

अमरीश दुबे खाद्य सुरक्षा अधिकारी पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत के बाद ईओडब्ल्यू टीम ने जबलपुर में इनके ठिकाने पर दबिश दी। जहां शताब्दीपुरम स्टार पार्क में स्थित 90 लाख रुपए कीमत का आलीशान बंगला, तकरीबन ढाई हजार स्क्वायर फिट का एक प्लाट जिसकी कीमत करीब 65 लाख रुपए होने के दस्तावेज मिले हैं। इसके साथ ही नरसिंहपुर की शुगर मिल में भी अमरीश दुबे द्वारा 90 लाख रुपए निवेश करने के दस्तावेज पाए गए हैं। नरसिंहपुर के बैंक लॉकर और विभिन्न खातों के मिलने की भी सूचना ईओडब्ल्यू टीम को मिली है। इसके अलावा चल संपत्ति में चार पहिया वाहन के भी सबूत पाए गए हैं। नरसिंहपुर में ही लाखों रुपए कीमत के दो प्लाट की रजिस्ट्री भी पाई गई है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बीती शाम की थी कार्रवाई

सागर के खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमरीश दुबे द्वारा बीती शाम एक नामी कंपनी के शॉपिंग माल पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया था। जहां से उन्होंने एक्सपायरी डेट का सामान काफी मात्रा में जब्त किया था। व्यापारी संघ द्वारा दुबे के खिलाफ कई बार प्रदर्शन भी किया जा चुका है। व्यापारियों ने इन पर अवैध वसूली के साथ ही आय से अधिक संपत्ति होने के आरोप भी लगाए थे। ईओडब्ल्यू की टीम द्वारा आज सुबह इनके निवास पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

इनका कहना है

इस संबंध में ईओडब्ल्यू डीएसपी एबी सिंह के मुताबिक सागर में फूड इंस्पेक्टर अमरीश दुबे के यहां टीम द्वारा दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। टीम ने शुक्रवार की सुबह उनके निवास स्टार पार्क में कार्रवाई की। इसके साथ ही उनके जबलपुर निवास पर भी कार्रवाई जारी है। अफसर के करोड़पति होने के दस्तावेज सामने आए हैं। प्राथमिक जांच में ईओडब्ल्यू को आय से 600 प्रतिशत अधिक संपत्ति मिली है।

Next Story